सहकारिता विकसित भारत का सबसे सशक्त आधार : रविंद्र इंद्राज सिंह

 




नई दिल्ली, 06 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के सहकारिता मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने कहा कि सहकारिता भारत की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक जीवन का मूल आधार है और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने का सबसे सशक्त माध्यम है। यह विचार उन्होंने दिल्ली सरकार के सहकारिता मंत्रालय के पांच वर्ष पूर्ण होने पर नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) कन्वेंशन सेंटर में ‘सहकारिता सप्ताह-2026’ के समापन समारोह में व्यक्त किए। कार्यक्रम में दिल्ली के सहकारिता मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह मुख्य अतिथि और सांसद बांसुरी स्वराज विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

सहकारिता मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने कहा कि सहकारिता भारत की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक जीवन का मूल आधार है तथा विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में स्थापित सहकारिता मंत्रालय तथा केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में सहकारिता क्षेत्र को नई दिशा और नई गति मिली है। आज सहकारी संस्थाएं कृषि, डेयरी, बैंकिंग, डिजिटल भुगतान, विपणन तथा अन्य क्षेत्रों में देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

रविंद्र इंद्राज सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार भी सहकारिता क्षेत्र में व्यापक सुधारों के लिए प्रतिबद्ध है। दिल्ली की आवश्यकताओं के अनुरूप नई सहकारिता नीति तैयार की जा रही है। साथ ही बहुउद्देशीय सहकारी समितियों के माध्यम से बैंकिंग, परिवहन, जनसेवा, कॉमन सर्विस सेंटर तथा अन्य सेवाओं को सहकारिता से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आरसीएस कार्यालय के डिजिटलीकरण से सहकारी संस्थाओं को पारदर्शी, सरल एवं ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध होंगी।

सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि सहकारी संस्थाएं किसानों, दुग्ध उत्पादकों, मछुआरों, छोटे व्यापारियों तथा समाज के अंतिम व्यक्ति को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सहकारिता की भूमिका निरंतर बढ़ रही है। कार्यक्रम के दौरान सहकारिता क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभिन्न सहकारी संस्थाओं, पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव