पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प, आंसू गैस के गोले छोड़े गए

 

नई दिल्ली, 25 जुलाई (हि.स.)। नई दिल्ली। जंतर-मंतर के पास टॉलस्टॉय मार्ग पर शनिवार दोपहर काकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच हिंसक झड़प हो गई। उग्र भीड़ ने संसद की तरफ बढ़ने के लिए मजबूत बैरिकेड्स तोड़ने का प्रयास किया। हालात नियंत्रण से बाहर होने पर दिल्ली पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े और हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। प्रदर्शनकारी लगातार नारेबाजी करते हुए पुलिस सुरक्षा घेरे को धकेल रहे थे, जिससे पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। इस झड़प में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। जख्मी हालत में इन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे सीजेपी के हजारों प्रदर्शनकारी और कार्यकर्ता टॉलस्टॉय मार्ग पर जमा हुए थे। वे लगातार सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए आग बढ़ने की जिद कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए लोहे के भारी-भरकम थ्री-लेयर बैरिकेड्स लगाए थे। प्रदर्शनकारियों ने इन बैरिकेड्स को जबरन हिलाना और उखाड़ना शुरू कर दिया। जब पुलिस ने लाउडस्पीकर के जरिए उन्हें पीछे हटने की चेतावनी दी, तो भीड़ में से कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिसकर्मियों पर अचानक पथराव शुरू कर दिया, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

टॉलस्टॉय मार्ग पर आंसू गैस छोड़े जाने और अचानक मची भगदड़ का सीधा असर कनॉट प्लेस के व्यापारिक क्षेत्र पर पड़ा। आंसू गैस के धुएं के कारण कनॉट प्लेस के इनर और आउटर सर्कल की कई दुकानें दुकानदारों ने सुरक्षा के लिहाज से तुरंत बंद कर दीं। इस झड़प के तुरंत बाद बाराखंबा रोड, टॉलस्टॉय मार्ग और जनपथ की तरफ जाने वाले रास्तों पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता के लिए दिशा-निर्देश जारी कर इन रास्तों से बचने की सलाह दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव