चावड़ी बाजार में गिरी तीन मंजिला इमारत, आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार पर लगाया आरोप

 




नई दिल्ली, 05 नवंबर (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) ने दिल्ली के चावड़ी बाजार में तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिरने और मलबे में दबकर दो लोगों की मौत होने की घटना पर चिंता जताई है। उन्होंने इस हादसे के लिए दिल्ली सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।

आआपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो जारी कर दिल्ली सरकार पर सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और एमसीडी द्वारा दिल्ली की इमारतों के कई सुरक्षा ऑडिट कराए जाने के बावजूद हादसे क्यों हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सुरक्षा ऑडिट के नाम पर कई विभागों द्वारा बार-बार रिश्वत वसूली किए जाने के कारण हर महीने इमारतें ढह रही हैं।

आआपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि दिल्ली में सुरक्षा ऑडिट के नाम पर केवल अवैध वसूली हो रही है, जबकि अवैध निर्माण के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।

एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने भी चावड़ी बाजार में तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिरने की घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के सामने गली सितारा में इमारत का अचानक ढहना बेहद चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है।

अंकुश नारंग ने आरोप लगाया कि दिल्ली में आए दिन इमारतें गिर रही हैं और लोगों की जान खतरे में पड़ रही है, लेकिन दिल्ली सरकार और एमसीडी भ्रष्टाचार में व्यस्त हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अवैध निर्माण और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने की जिम्मेदारी आखिर किसकी है।

उन्होंने दिल्ली सरकार से हादसे की उच्चस्तरीय जांच कराने, राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और दोषी अधिकारियों तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता की जान से खिलवाड़ बंद होना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी