भारत-अफ्रीका शिखर सम्मेलन- एनडीएमसी उपाध्यक्ष ने की तैयारियों समीक्षा
नई दिल्ली, 20 मई (हि.स.)। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल के नेतृत्व में बुधवार को “वर्क फ्रॉम होम” व्यवस्था को अपनाया गया। एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि आज एनडीएमसी के सभी विभागाध्यक्षों एवं अधिकारियों ने अपने-अपने घरों से कार्य करते हुए आगामी भारत-अफ्रीका शिखर सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा बैठक में भाग लिया।
कुलजीत सिंह चहल ने अपने आवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की अध्यक्षता की तथा विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में शिखर सम्मेलन के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा किए जाने वाले प्रस्तावित कार्यों एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
चहल ने बताया कि 28 मई से 1 जून तक एनडीएमसी क्षेत्र में रात्रिकालीन सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्य सड़कों, वीआईपी एवं वीवीआईपी मार्गों एवं प्रमुख बाजारों में सफाई कर्मचारियों तथा सुपरवाइजरी स्टाफ की विशेष तैनाती की जाएगी।
चहल ने बताया कि जोनल इंचार्ज रात्रिकालीन सफाई कार्यों एवं स्वच्छता व्यवस्था की निरंतर निगरानी करेंगे। चहल ने कहा कि समिट अवधि के दौरान सभी फील्ड स्टाफ को ड्यूटी पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं तथा आपातकालीन स्थिति को छोड़कर अवकाश पर रोक रहेगी। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
चहल ने बताया कि एनडीएमसी क्षेत्र लगभग 50 प्रतिशत हरित क्षेत्र वाला क्षेत्र है, इसलिए उद्यान विभाग की जिम्मेदारी और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने कहा कि शिखर सम्मेलन के दौरान बाजारों, प्रवेश द्वारों एवं प्रमुख स्थलों पर गमलों में पौधों की आकर्षक सजावट की जाएगी। उन्होंने बताया कि सौंदर्यीकरण एवं रखरखाव कार्यों के अंतर्गत हेज ट्रिमिंग, पेड़ों की छंटाई, ग्रीन एरिया की सफाई विशेष रूप से की जाएगी।
कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि निदेशक (उद्यान) द्वारा चिन्हित 13 प्रमुख गोल चक्करों पर वार्म लाइटिंग की विशेष व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने कहा कि लगभग 10 होटलों के आसपास पेड़ों पर सजावटी लाइटिंग की जाएगी, जहां विदेशी प्रतिनिधियों के ठहरने की संभावना है। उन्होंने बताया कि सभी कार्यों की निगरानी हेतु ऑनलाइन सर्किल-वाइज मॉनिटरिंग सिस्टम भी तैयार किया गया है, जिससे रियल टाइम मॉनिटरिंग एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
चहल ने कहा कि शिखर सम्मेलन के दौरान सभी प्रकार के कार्य किए जाएंगे जिसे की दिल्ली के सुंदरता एवं व्यवस्थित स्वरूप को बनाए रखा जा सके।
चहल ने कहा कि शिखर सम्मेलन के दौरान सीवरेज व्यवस्था के सुचारु संचालन हेतु 24×7 कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा। उन्होंने कहा कि समिट अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की रोड कटिंग की अनुमति नहीं दी जाएगी।
चहल ने बताया कि भारत-अफ्रीका शिखर सम्मेलन के दौरान विभिन्न स्थानों पर विशेष डिस्प्ले लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय से प्राप्त क्रिएटिव्स आज से लगभग 50 एलईडी साइट्स पर और लगभग 100 पीटीयू एवं सीटीयू डिस्प्ले यूनिट्स पर भी लगाए जाएंगे, ताकि समिट की थीम एवं भारत की सांस्कृतिक छवि प्रभावी रूप से प्रदर्शित की जा सके।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है तथा ऐसे महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के माध्यम से देश की संस्कृति, आतिथ्य, स्वच्छता एवं व्यवस्थागत क्षमता दुनिया के सामने प्रदर्शित होती है।
चहल ने कहा कि एनडीएमसी क्षेत्र देश की राजधानी का प्रमुख चेहरा है, इसलिए सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, लाइटिंग, हरित व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन एवं नागरिक सुविधाओं से संबंधित सभी कार्य उच्चतम गुणवत्ता एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किए जाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी