दिल्ली सचिवालय में ओडिशा दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन

 


नई दिल्ली, 01 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली सचिवालय में बुधवार को ओडिशा दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ओडिशा के प्रसिद्ध सम्बलपुरी नृत्य, रंगबती तथा पारंपरिक रास जामुडाली नृत्य की प्रस्तुति हुई। कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने ओडिशा दिवस पर दिल्ली सरकार की ओर से शुभकामनाएं दीं।

कपिल मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प की दिशा में राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के लिए यह आयोजन हो रहे हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली में सभी राज्यों के स्थापना दिवस का आयोजन हो रहा है ताकि देश की विविध सांस्कृतिक पहचान को प्रोत्साहन मिल सके।

कपिल मिश्रा ने ओडिशा की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और देश निर्माण में योगदान को नमन करते हुए कहा कि ओडिशा, अपनी प्राचीन सभ्यता, मंदिर वास्तुकला, हस्तशिल्प, शास्त्रीय नृत्य और लोक परंपराओं के लिए पूरे देश में विशेष पहचान रखता है। राज्य ने कला, साहित्य, आध्यात्मिकता और समुद्री व्यापार के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक और आर्थिक समृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। दिल्ली के विकास में भी ओडिशा के लोगों का महत्वपूर्ण स्थान है।

रंगबती और रस जामुडाली, संबलपुरी संस्कृति के ऐसे लोक नृत्य और गीत हैं, जो राधा-कृष्ण की प्रेम कहानियों और ग्रामीण जीवन को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करते हैं। कलाकारों ने आदिवासी परम्परा के नृत्य की भी प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में करीब 15 कलाकारों द्वारा ओडिशा की पारंपरिक लोकसंस्कृति की जीवंत प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग की ओर से साहित्य कला परिषद ने इस कार्यक्रम का आयोजन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव