दिल्ली सरकार प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर चार प्रमुख कार्यक्रमों का करेगी आयोजन, कर्तव्य पथ पर सवा लाख आशीर्वाद के दीयों का प्रज्वलन
नई दिल्ली, 16 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर दिल्ली सरकार सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना के साथ गुरुवार को चार प्रमुख कार्यक्रम आयोजित करेगी। इनमें कर्तव्य पथ पर सवा लाख दीयों का प्रज्वलन, त्यागराज स्टेडियम में मेगा रक्तदान शिविर, खाटू श्याम दिल्ली धाम में 108 कुंडलीय यज्ञ और श्रमिकों के लिए ‘नमो श्रमिक सेवा केंद्र’ का शुभारंभ शामिल है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर दिल्ली सरकार एक माह तक सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। इस दौरान परिवहन, सड़क, सीवरेज, जल शोधन, शिक्षा, बिजली, सार्वजनिक सुविधाओं और शहरी सौंदर्यीकरण से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के अंतर्गत एक विशेष दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। गुरुवार को शाम 7 बजे कर्तव्य पथ पर सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों आदि द्वारा एक लाख दीये प्रज्वलित किए जाएंगे। उन्होंने दिल्लीवासियों से गुरुवार की शाम 6 से 7 बजे के बीच अपने घर और आंगन में प्रधानमंत्री जी के लिए ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने का आह्वान किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक त्यागराज स्टेडियम में मेगा रक्तदान शिविर आयोजित होगा, जिसमें 2,500 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है। शिविर में दिल्ली सरकार के 11 अस्पतालों के ब्लड बैंक, आर्मी हॉस्पिटल, लेडी हार्डिंग कॉलेज, सफदरजंग हॉस्पिटल और इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की भागीदारी रहेगी। स्वास्थ्य विभाग, दिल्ली पुलिस, होम गार्ड एवं सिविल डिफेंस, डीटीसी, राजस्व विभाग, दिल्ली नगर निगम, एनडीएमसी, दिल्ली फायर सर्विस, शिक्षा विभाग, रेड क्रॉस, एनजीओ, आरडब्ल्यूए और कॉरपोरेट क्षेत्र से जुड़े लोग भी रक्तदान करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अलीपुर के जीटी करनाल रोड स्थित खाटू श्याम दिल्ली धाम में प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर 108 कुंडलीय यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर दृष्टिहीन बच्चों की ओर से सस्वर हनुमान चालीसा का पाठ भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार श्रमिकों के लिए ‘नमो श्रमिक सेवा केंद्र’ की शुरुआत करेगी। इन केंद्रों पर श्रमिकों को पंजीकरण और नवीनीकरण में सहायता, दस्तावेजों के सत्यापन, आवेदन की स्थिति की जानकारी, विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी तथा दावों और अन्य सेवाओं के लिए मार्गदर्शन एक ही स्थान पर मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव