दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री ने हीमोफीलिया दिवस पर रक्तदान शिविर एवं जागरूकता सत्र का किया उद्घाटन
नई दिल्ली, 17 अप्रैल (हि.स.)। विश्व हीमोफीलिया दिवस के अवसर पर दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ पंकज कुमार सिंह ने भगवान महावीर अस्पताल में रक्तदान शिविर एवं जागरूकता सत्र का उद्घाटन किया। उन्होंने डॉक्टरों और मेडिकल सुपरिटेंडेंट्स को स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने के साथ ही मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए सरकार की तरफ से पूरा सहयोग और सहायता देने का भरोसा दिया।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि रक्तदान एक महान कार्य है, जो दूसरों का जीवन बचाता है। ऐसी पहलें न केवल जरूरतमंद मरीजों की आपातकालीन हालात में सहायता करती हैं बल्कि हमारे सार्वजनिक स्वास्थ्य तंत्र में जागरूकता और विश्वास को भी मजबूती प्रदान करती हैं। हमारा लक्ष्य है कि राजधानी दिल्ली में कोई भी व्यक्ति इलाज के अभाव में परेशान न हो और हम लगातार दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच को बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने आगे कहा कि ऐसी पहलें न केवल मरीजों की सहायता करती हैं बल्कि हीमोफीलिया जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूकता फैलाने का भी काम करती हैं।
जागरूकता सत्र के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने मरीजों और उनके परिजनों से खुद बातचीत कर उनकी समस्याओं और अनुभवों को बारीकी से जाना। उन्होंने भरोसा दिया कि मरीजों की आवश्यकताओं को समझना और स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार करना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में बुनियादी ढांचे और सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव