दिल्ली भाजपा के स्वच्छता अभियान एवं पौधरोपण कार्यक्रम में बी.एल. संतोष समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने किया श्रमदान
नई दिल्ली, 23 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली भाजपा ने बुधवार को दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित लोक निर्माण विभाग के पार्क में स्वच्छता अभियान चलाया और पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया।
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष के नेतृत्व में आयोजित स्वच्छता अभियान में दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, वरिष्ठ राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं प्रदेश के सभी पदाधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए।
इस अवसर पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि फ्लाईओवर के नीचे स्थित इस पार्क का क्षेत्र थोड़ा अलग दिखता है जिसके कारण से लोग इसमे कूड़ा मलवा फेंक देते हैं। आज के स्वच्छता अभियान में सम्मिलित सभी राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों ने मिल कर नगर निगम कर्मियों के द्वारा लाये वाहनों के माध्यम से लोक निर्माण विभाग के विशाल पार्क के चारों तरफ एकत्र लगभग 5 टेम्पो मलवा एवं कूड़ा उठाया और तत्पश्चात पार्क में सभी ने एक-एक पौधा लगाया।
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता, सांसद, विधायक एवं पार्षद 25 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 के बीच सारी दिल्ली में स्वच्छता अभियान चलायेंगे जिनमें विशेषकर पार्कों, पूजा स्थलों, अस्पताल परिसरों पर ध्यान दिया जायेगा।
भाजपा के सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, राष्ट्रीय संगठक वी. सतीश, राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी, राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष राजेश मंगल, राष्ट्रीय मंत्री जयप्रकाश एवं संदीप पाठक, राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री महेन्द्र पांडे एवं राष्ट्रीय सहयोग सैल संयोजक नवीन सिन्हा आदि स्वच्छता अभियान एवं पौधारोपण कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस दौरान मोहनलाल गिहारा, प्रवीण शंकर कपूर, शुभेन्दू शेखर अवस्थी, पूर्व महापौर राजा इकबाल सिंह, नगर निगम डेमस कमेटी अध्यक्ष संदीप कपूर के आलावा सभी प्रदेश कार्यालय कर्मीयों ने भी स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी