भाजपा ने फास्ट ट्रैक कोर्ट ट्रायल का किया स्वागत, छात्रों से अपील की वह प्रदर्शन को राजनीति का हिस्सा न बनने दें

 




नई दिल्ली, 23 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा और दिल्ली सरकार में शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पेपर लीक मामले के फास्ट ट्रैक कोर्ट ट्रायल के फैसले का स्वागत किया।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा और शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने गुरुवार को प्रदेश कार्यालय संयुक्त पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पेपर लीक मामले के फास्ट ट्रैक कोर्ट ट्रायल का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आज जो कुछ देश एवं दिल्ली में हो रहा है उसे छात्र राजनीति के आलावा सब कुछ कहा जा सकता है।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि आज जो कुछ हो रहा है वह विभिन्न राज्यों में चुनाव हारे विपक्षी दलों का अपने राजनीतिक भविष्य को बचाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि यह सब विपक्ष की राजनीति है कि छात्र आंदोलन के माध्यम से वह अपना हित साध सकें।

मल्होत्रा ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, आआपा के संयोजक अरविंद केजरीवाल एवं अन्य विपक्षी दल जवाब दें की प्रधानमंत्री आवास एवं संसद की सुरक्षा का उल्लंघन करके क्या मिला और अब संसद में नीट परिक्षा पर चर्चा से क्यों भाग रहे हैं ?

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, निवर्तमान अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और आशीष सूद सभी ने छात्र राजनीति से अपना राजनीतिक जीवन शुरू किया। उन्होंने कहा की भाजपा नेतृत्व में सदा छात्र राजनीति से जुड़े नेताओं को महत्व दिया गया है और आज डूसू के दो पूर्व अध्यक्ष रेखा गुप्ता दिल्ली की मुख्यमंत्री हैं तो आशीष सूद शिक्षा मंत्री हैं।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आज देश में विपक्ष के सभी नेता अपना हित साधने में लगें है।

हर्ष मल्होत्रा एवं आशीष सूद ने आज 2004 से 2014 की कांग्रेस की मनमोहन सिंह सरकार के दौरान हुए छात्र प्रतियोगी परीक्षा पत्र लीक की सूची जारी की और गत दिनों पंजाब की आआपा सरकार में हुए फारमेसिसट परीक्षा पर्चा लीक का जिक्र किया

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार शिक्षा व्यवस्था के सुधार एवं विस्तार पर कितनी गम्भीर है उसका प्रमाण है 2014-15 से 2023-24 के बीच देश में 25 प्रतिशत हाइर एजूकेशन इंस्टीट्यूट एवं 69.7 प्रतिशत विश्वविद्यालय बढ़े हैं और उच्च शिक्षा पाने वाले अकेले दलित छात्रों की संख्या में मोदी सरकार में 51.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई है तो ओबीसी छात्रों की संख्या में 60.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

दिल्ली सरकार में शिक्षा एवं गृह मंत्री आशीष सूद ने कहा कि जब कोई भी छात्र आंदोलन शुरु होता है तो उसमें कई छात्रों की उम्मीद होती है। उन्होंने कहा कि सरकार सभी चीजों पर ध्यान दे रही है तभी तो आज सुबह ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्पष्ट किया कि देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

आशीष सूद ने कहा कि सरकार पेपर लीक को रोकने के लिए सारे काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार हमेशा ही छात्रों के हित में कार्य करती है, चाहे वह राधाकृष्णन कमेटी की बात हो या फिर आज फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने की बात हो, कोई भी समाधान कुछ समय के लिए नही किया जाएगा।

सूद ने सभी छात्रों से अपील की है कि छात्रों का गुस्सा बिल्कुल जायज है, लेकिन आपको सरकार पर भरोसा रखना होगा। क्योंकि सरकार ने सभी चीजों को ठीक करने में लगी है तभी तो नीट परीक्षा का रिएग्जाम सफलता से हुआ है।

दिल्ली के शिक्षा मंत्री ने कहा कि री-एग्जाम बेहतर तरीके से हो उसके लिए दिल्ली सरकार ने उचित कदम उठाये, हमने कुलिंग जोन के अलावा कई अन्य सुविधा उपलब्ध करवाईं। पिछली सरकारों में पेपर लीक हुए लेकिन किसी ने करेक्टिव मेजर को उठाने का काम नहीं किया लेकिन प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ही है जिसने उचित कदम उठाया और तुरंत बाद नीट का रिएग्जाम हुआ।

सूद ने सभी छात्रों से अपील की है कि वह छात्रों के प्रदर्शन को राजनीति का हिस्सा न बने दें। उन्होंने कहा कि विपक्ष युवाओं के सहारे अपनी राजनीतिक हित खोज रहे हैं लेकिन दिल्ली का युवा जागरुक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी