भाजपा ने चांदनी टाउन हाल से हौज काजी तक निकाली तिरंगा यात्रा, हजारों कार्यकर्ता हुए शामिल
नई दिल्ली, 10 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में स्वतंत्रता दिवस सप्ताह के अंतर्गत सोमवार को पुरानी दिल्ली के चांदनी टाउन हाल से हौज काजी तक सड़को पर तिरंगा यात्रा निकली। बड़ी संख्या में स्कूली छात्र भी तिरंगा यात्रा में सहभागी बने।
चांदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल के साथ हजारों कार्यकर्ता तिरंगा यात्रा में सम्मिलित हुए और अनेक स्थानीय व्यपारिक एवं नागरिक संगठनों ने जगह-जगह मंच लगा कर हर्ष मल्होत्रा एवं प्रवीन खंडेलवाल सहित सभी तिरंगा यात्रा सहभागियों का अभिनंदन किया।
यात्रा में सहभागियों एवं एकत्र पुरानी दिल्ली के नागरिकों एवं व्यापारियों को हर्ष मल्होत्रा एवं प्रवीन खंडेलवाल ने सम्बोधित करके स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने सभी का अभिनंदन करते हुए कहा कि आज भाजपा तिरंगा यात्रा निकाल रही हैं और यह गर्व की बात है कि इस यात्रा की शुरुआत पुरानी दिल्ली से हो रही है। उन्होंने कहा कि पुरानी दिल्ली स्थित लाल किला सिर्फ ईंट-पत्थर नहीं है, यहीं से प्रधानमंत्री हर 15 अगस्त को देश को संबोधित करते हैं। यहीं से आजादी की घोषणा हुई थी और पुरानी दिल्ली के कण-कण में बलिदान और स्वाभिमान बसा है।
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पुरानी दिल्ली की पहचान है गंगा-जमुनी तहजीब। उन्होंने कहा कि पुरानी दिल्ली में मंदिर में घंटी और मस्जिद में अजान साथ गूंजती है। चांदनी चौक में हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सब मिलकर मिठाई खाते हैं और त्योहार मनाते हैं और यही एकता असली राष्ट्रीय तिरंगे का भाव है।
हर्ष मल्होत्रा ने सभी से हर घर तिरंगा के संकल्प के साथ इस विरासत को आगे बढ़ाने की अपील की।
सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने चांदनी चौक में तिरंगा यात्रा में सम्मिलित सभी देशभक्त कार्यकर्ताओं और नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तिरंगा हमारी आन-बान-शान का प्रतीक है और स्वतंत्रता दिवस उन शहीदों की याद दिलाता है जिन्होंने देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
चांदनी चौक जिलाध्यक्ष अरविंद गर्ग के संयोजन में निकली तिरंगा यात्रा में प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश भाटिया, मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर, युवा मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष रजत चौधरी, पूर्व महापौर जयप्रकाश, निगम पार्षद सुमन कुमार गुप्ता, उषा शर्मा, विकास टांक एवं सुशील जौंटी, सह कार्यालय मंत्री अमित गुप्ता, जिला पदाधिकारी राजा खारी, अशोक शर्मा, राज दीप्ति इंदोरा, अशोक तोमर, रोहित शर्मा, चारू सोनी, नवीन गुप्ता, रेखा शर्मा, आशा वर्मा आदि सम्मिलित हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी