भाजपा के पार्षदों ने 11 क्षेत्रों की वार्ड कमेटियों एवं स्थायी समिति सदस्यों के चुनाव के लिए दाखिल किया नामांकन पत्र

 




नई दिल्ली, 10 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही की उपस्थिति में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों ने 11 वार्डों की वार्ड कमेटियों के चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया।

इस अवसर पर उप महापौर डॉ मोनिका पंत, स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा और नेता सदन जय भगवान यादव सहित दिल्ली नगर निगम के पार्षद उपस्थित रहे।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के विकास कार्यों से प्रभावित होकर इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी में अपना विलय कर लिया है।

प्रवेश वाही ने कहा कि इससे कुछ क्षेत्रों की वार्ड कमेटी में भारतीय जनता पार्टी और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि स्थायी समिति के लिए क्षेत्रों से आने वाले सदस्यों के लिए भी भाजपा के पांच पार्षदों ने नामांकन दाखिल किया है।

महापौर ने कहा कि आम आदमी पार्टी के कार्यकाल में न तो स्थायी समिति का गठन हुआ और न ही वार्ड कमेटियों का गठन हुआ था जिससे दिल्ली का विकास अवरुद्ध हो गया था। प्रवेश वाही ने कहा कि आज दिल्ली में ट्रिपल इंजन की सरकार है जिसके चलते दिल्ली के विकास ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है। उन्होंने कहा कि पार्षदों को पार्षद निधि का भी भुगतान किया जा रहा है जिससे वार्डों में विकास कार्य हो रहे हैं।

महापौर ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन में दिल्ली नगर निगम को ओर बेहतर बनाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम नागरिक सेवा के नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है और निगम मुख्यमंत्री के स्वच्छ एवं हरित दिल्ली के संकल्प को साकार करने के लिए प्रयासरत हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी