जेएनयू यौन शोषण मामले में कांग्रेस सांसद को संरक्षण देने के आरोप में भाजपा महिला मोर्चा निकालेगा विरोध मार्च
नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (हि.स.)। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की 11 छात्राओं के कथित यौन शोषण के मामले में कांग्रेस सांसद प्रो. अंगोमचा बिमोल अकोइजाम को राजनीतिक संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए भाजपा महिला मोर्चा सोमवार, 12 अक्टूबर को ‘नारी शक्ति हुंकार आंदोलन’ के तहत विरोध मार्च निकालेगा। भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी नेतृत्व पर मामले में चुप्पी साधने तथा आरोपी सांसद को बचाने का आरोप लगाया है।
भाजपा के अनुसार, विरोध मार्च सुबह 11 बजे दीन दयाल उपाध्याय मार्ग स्थित आंध्र एजुकेशन सोसाइटी स्कूल से शुरू होकर कांग्रेस मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ तक जाएगा। इसके बाद मुख्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। मार्च का नेतृत्व भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी और महिला मोर्चा प्रभारी दग्गुबाती पुरंदेश्वरी करेंगी। इसमें भाजपा की महिला सांसदों, विधायकों, पार्षदों और दिल्ली प्रदेश महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं के शामिल होने की बात कही गई है।
भाजपा महिला मोर्चा ने दावा किया कि 9 अक्टूबर को जेएनयू की आंतरिक समिति ने ‘नंबर के बदले सेक्स’ की पेशकश और उत्पीड़न से जुड़े आरोपों को सही पाया तथा संबंधित कांग्रेस सांसद के खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई की। संगठन ने कहा कि 11 छात्राओं से जुड़े इस गंभीर मामले में कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है।
भाजपा महिला मोर्चा ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला अधिकारों और सुरक्षा की बात करने वाले कांग्रेस नेताओं को इस मामले में भी स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए। संगठन ने सवाल उठाया कि महिला अधिकारों की पैरवी करने वाले कांग्रेस नेता अपनी ही पार्टी के सांसद पर लगे गंभीर आरोपों के मामले में कार्रवाई की मांग क्यों नहीं कर रहे हैं।
भाजपा ने कांग्रेस पर महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों में आरोपित नेताओं को बचाने का भी आरोप लगाया। पार्टी ने अपने बयान में कांग्रेस के भीतर लैंगिक भेदभाव और उत्पीड़न से जुड़े पूर्व के विवादों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व कार्रवाई करने के बजाय संबंधित व्यक्तियों का बचाव करता रहा है। भाजपा ने अंकिता दत्ता और राजस्थान के पूर्व कांग्रेस विधायक मेवाराम जैन से जुड़े मामलों का भी हवाला दिया।
भाजपा महिला मोर्चा ने कहा कि ‘नारी शक्ति हुंकार आंदोलन’ के माध्यम से महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे। संगठन ने राहुल गांधी से संबंधित सांसद को तत्काल कांग्रेस से निष्कासित करने, लोकसभा से उनका इस्तीफा दिलवाने और मामले की 11 छात्राओं से माफी मांगने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी