भाजपा महिला मोर्चा का महिला पुलिस से कथित दुर्व्यवहार के विरोध में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन

 




नई दिल्ली, 08 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा महिला पुलिस कर्मियों के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को कांग्रेस मुख्यालय के पास रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व दिल्ली भाजपा महामंत्री योगिता सिंह ने किया।

इस दौरान महिला मोर्चा प्रभारी आरती मेहरा, अध्यक्ष अर्चना गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष सारिका जैन और विधायक शिखा रॉय समेत बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

प्रदर्शनकारी दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित आंध्रा भवन रेड लाइट पर एकत्र हुईं और नारेबाजी करते हुए कांग्रेस मुख्यालय की ओर बढ़ीं। पुलिस ने हिन्दी भवन के पास प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद महिला कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गईं। कुछ देर बाद पुलिस ने चेतावनी देकर प्रदर्शनकारियों को वहां से जाने दिया।

इस दौरान भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। दिल्ली भाजपा महामंत्री योगिता सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति का अधिकार है, लेकिन महिला पुलिस कर्मियों का अपमान और उनके साथ दुर्व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा व्यवहार बंद नहीं हुआ तो भाजपा महिला मोर्चा बड़े स्तर पर आंदोलन करेगा।

महिला मोर्चा प्रभारी आरती मेहरा ने आरोप लगाया कि जो व्यक्ति महिलाओं की सुरक्षा करने वाली पुलिस की वर्दी का सम्मान नहीं कर सकता, वह देश की महिलाओं का सम्मान कैसे करेगा। उन्होंने कांग्रेस से देश की महिलाओं से माफी मांगने और राहुल गांधी से तत्काल माफी मांगने की मांग की।

महिला मोर्चा अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने राहुल गांधी के कथित व्यवहार को शर्मनाक बताते हुए कहा कि नारी शक्ति का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष सारिका जैन ने इसे कांग्रेस की कथित महिला विरोधी मानसिकता से जोड़ते हुए राहुल गांधी से तत्काल माफी की मांग की।

विधायक शिखा रॉय ने कहा कि कानून के रक्षकों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा नारी सम्मान और महिला पुलिस के स्वाभिमान की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगा।

प्रदर्शन में महिला मोर्चा महामंत्री हिमांशी पांडेय, मीरा पहाड़िया और सुमन लता, निगम पार्षद रेनू अग्रवाल, शशि चंदन, मीनू गोयल, रेणू चौधरी, ममता यादव और शिमला देवी सहित कई प्रदेश पदाधिकारी एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी