दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष कोहली को पार्टी नेताओं ने पुष्पांजलि अर्पित की

 




नई दिल्ली, 09 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं गुजरात के पूर्व राज्यपाल प्रो. ओमप्रकाश कोहली की 92वें जयंती के अवसर पर दिल्ली भाजपा कार्यालय में पार्टी नेताओं और दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।

प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष सुनील यादव की अधयक्षता में आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में सांसद योगेंद्र चांदोलिया ने प्रथम पुष्पांजलि अर्पित करके एकत्र जनों के समक्ष प्रो. ओमप्रकाश कोहली से जुड़े कार्य संस्मरण रखे। योगेंद्र चांदोलिया के साथ पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मनोज तिवारी, आदेश गुप्ता एवं वीरेंद्र सचदेवा, प्रदेश पदाधिकारियों राजेश भाटिया, सुनील यादव, योगिता सिंह, प्रवीण शंकर कपूर, विनोद बछेती, रंजीत कश्यप ने भी पुष्पांजलि अर्पित की।

दिल्ली विधानसभ आध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने विशेष रूप से कार्यक्रम में सम्मिलित होकर प्रो. ओमप्रकाश कोहली के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और कहा कि प्रो. कोहली ने विद्यार्थि काल से मुझ पर एक अमिट छाप छोड़ी जो आज भी मेरी प्रेरणा है।

सांसद योगेंद्र चांदोलिया ने पुष्पांजलि बाद एकत्र जनों को संबोधित किया और कहा की आज हम दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष कोहली की जन्म जयंती मना रहे हैं। कोहली जी संगठन के पर्याय थे, उनकी सबसे बड़ी ताकत थी - बूथ स्तर तक कार्यकर्ता को जोड़ना और हर कार्यकर्ता को सम्मान देना। अनुशासन, समय की पाबंदी और सिद्धांतों पर समझौता न करना, यही प्रो. कोहली की सफलता एक लोकप्रियता का मूल मंत्र था। मतभेद होने पर भी वे संवाद से समाधान निकालते थे। संगठन को परिवार मानकर चलने वाले कोहली जी ने दिल्ली भाजपा को जमीन से जोड़ने का काम किया। आज उनकी जयंती पर हम संकल्प लें कि उनके दिखाए मार्ग पर चलकर संगठन को और मजबूत करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव