कंझावाला मामले में दिल्ली भाजपा करेगी अनुशासनात्मक कार्रवाई, दोनों पक्षों को नोटिस जारी
नई दिल्ली, 15 सितंबर (हि.स.)। उत्तर-पश्चिम दिल्ली के कंझावला में भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार के साथ कथित मारपीट के मामले में दिल्ली प्रदेश भाजपा ने मुंडका के विधायक गजेंद्र दराल और पीड़ित मंडल अध्यक्ष दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। कंझावला मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार ने मुंडका से भाजपा विधायक गजेंद्र दराल और अन्य पर मीटिंग के बहाने कार्यालय बुलाकर बेरहमी से पीटने का गंभीर आरोप लगाया है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने मंगलवार को कहा कि उत्तर पश्चिम संसदीय क्षेत्र में हुई इस घटना के संबंध में प्रदेश नेतृत्व के संज्ञान में जानकारी आई है। प्रदेश नेतृत्व ने मामले को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रीय सांसद और जिलाध्यक्ष से बातचीत की है। इसके बाद संबंधित विधायक एवं मंडल अध्यक्ष को पत्र जारी कर 16 सितंबर को दोपहर तीन बजे तक दिल्ली भाजपा की अनुशासन समिति के समक्ष अपना स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि मामले को दिल्ली भाजपा की अनुशासन समिति को सौंप दिया गया है। समिति की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि दोनों पक्षों में से कोई भी पुलिस अथवा कानूनी कार्रवाई की मांग के लिए स्वतंत्र है। पार्टी स्तर पर मामले में अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति की रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
इस संबंध में दिल्ली प्रदेश भाजपा के महामंत्री विष्णु मित्तल ने विधायक और मंडल अध्यक्ष को नोटिस भेजा है। दोनों नेताओं को 16 सितंबर तक प्रदेश अनुशासन समिति के समक्ष पेश होकर या लिखित रूप में अपना स्पष्टीकरण देने को कहा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी