भाजपा ने सोमनाथ भारती पर जनता को गुमराह करने का लगाया आरोप, एफआईआर दर्ज करने की मांग
नई दिल्ली, 17 जून (हि.स.)। अधिवक्ता एवं भाजपा नेता संकेत गुप्ता और दिल्ली कांटोनमेंट बोर्ड के सदस्य राजेश गोयल ने आम आदमी पार्टी (आआपा) के विधायक सोमनाथ भारती पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
भाजपा नेता संकेत गुप्ता और दिल्ली कांटोनमेंट बोर्ड के सदस्य राजेश गोयल ने बुधवार को संयुक्त पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक सोमनाथ भारती के खिलाफ दिल्ली पुलिस आयुक्त को शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने, सोशल मीडिया पोस्ट की जांच करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
संकेत गुप्ता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि सोमनाथ भारती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें एक महिला द्वारा दिल्ली कैंट क्षेत्र में 9 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और उसके बाद जलाने की घटना का दावा किया गया है। शिकायत के अनुसार यह घटना अगस्त 2021 की पुरानी घटना है, लेकिन इसे इस तरह प्रस्तुत किया गया जैसे यह वर्तमान समय की घटना हो। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की भ्रामक जानकारी समाज में भय, भ्रम और असंतोष पैदा कर सकती है।
संकेत गुप्ता ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया के माध्यम से पुरानी घटना को वर्तमान सरकार और प्रशासन से जोड़कर जनता को गुमराह करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही सोमनाथ भारती ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा है, “चार इंजन की सरकार के बावजूद अगर दिल्ली में ऐसी वीभत्स घटना हुई है तो इसकी जिम्मेवारी किसकी?”
उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार कार्य कर रही है और महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। किसी भी व्यक्ति द्वारा गलत तथ्यों या भ्रामक सामग्री के माध्यम से जनता में डर फैलाने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जा सकता।
संकेत गुप्ता एवं राजेश गोयल ने आज एक शिकायत दिल्ली पुलिस को दी है जिसके बाद दिल्ली पुलिस द्वारा इस पूरे विषय की जांच करने और उचित कानूनी कार्रवाई करने का अश्वासन दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी