वजीरपुर में झुग्गी ढहने से पांच साल के बच्चे की मौत, एक बच्ची घायल

 


नई दिल्ली, 11 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के वजीरपुर स्थित झुग्गी बस्ती में शनिवार दोपहर को दर्दनाक हादसा हो गया। झुग्गी गिरने से एक 5 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्ची घायल हो गई। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस के मुताबिक, भारत नगर थाने में डीडी नंबर 37ए के तहत झुग्गी गिरने की सूचना मिली थी। यह हादसा वजीरपुर की जेजे कॉलोनी स्थित जी-209 पर हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तुरंत मलबे में फंसे दोनों बच्चों को निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने 5 वर्षीय दिव्यांशु को मृत घोषित कर दिया, जबकि 10 वर्षीय रिंकी का इलाज जारी है। घायल बच्ची की हालत पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। हादसे के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर झुग्गी की कमजोर संरचना को वजह माना जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम और एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि झुग्गी गिरने के पीछे लापरवाही थी या कोई अन्य कारण।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी