बांसुरी स्वराज ने दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर का किया उद्घाटन

 


नई दिल्ली, 05 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नई दिल्ली सांसद बांसुरी स्वराज और नेता दर्शना जरदोश ने 'सेवा संकल्प' अभियान के तहत सोमवार को दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर एक मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 'सेवा संकल्प' अभियान के तहत आज दिल्ली प्रदेश भाजपा ने दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर, यह सेवा कैंप लगाया है।

बांसुरी स्वराज ने सभी से यहां आकर इस हेल्थ चेक-अप कैंप का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी विकास नीतियों के जरिए एक विकसित भारत के साथ-साथ एक स्वस्थ भारत का भी सपना देखा है और इसलिए स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कई नीतियां लेकर आए चाहे वह जन औषधि केंद्र खोलना हो या आयुष्मान भारत जैसी हेल्थ एश्योरेंस स्कीम लाना हो जो दुनिया की सबसे बड़ी हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम है और जिसके तहत लाभार्थियों को पांच लाख रुपये तक का मुफ़्त इलाज मिलता है, चाहे गर्भवती माताओं और बहनों का ध्यान रखने वाली मातृ वंदना योजना हो, या भारत में मैटरनिटी लीव को 12 हफ्ते से बढ़ाकर 26 हफ्ते करना हो ये सभी नीतियां लेकर आए।

बांसुरी स्वराज ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सबसे लंबे समय तक जन प्रतिनिधि के तौर पर 'मां भारती' की सेवा की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी