बकरीद को लेकर दिल्ली सरकार के परामर्श के प्रति लोगों को किया जागरूक
नई दिल्ली, 26 मई (हि.स.)। दिल्ली के विकास मंत्री कपिल मिश्रा के निर्देश पर गठित पशुपालन इकाई की रैपिड रेस्पोंस टीमों(आरआरटी) ने मंगलवार को दिल्ली के उत्तर-पश्चिम, उत्तर-पूर्व, मध्य उत्तर, मध्य जिला, दक्षिण-पश्चिम और पश्चिम जिले के विभिन्न इलाकों और बाजारों का निरीक्षण कर बकरीद पर होने वाली कुर्बानी को लेकर जारी परामर्श से लोगों को जागरूक किया एवं इनके उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जानकारी भी दी।
सभी आरआरटी ने नागरिकों, पशुपालकों, पशु व्यापारियों एवं परिवहनकर्ताओं से पशुओं के परिवहन, क्रय-विक्रय, प्रबंधन एवं देखभाल से संबंधित दिल्ली सरकार की ओर से जारी सभी निर्देशों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा।
मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली के सभी 13 जिलों में जिला प्रभारी/उप निदेशक के नेतृत्व में गठित रैपिड रिस्पॉन्स टीमों को क्षेत्रीय गतिविधियों की निगरानी, पशुओं के परिवहन एवं प्रबंधन का निरीक्षण, पशु कल्याण मानकों का अनुपालन एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के उल्लंघन की स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के परामर्श में स्पष्ट निर्देश हैं कि त्यौहार के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध कुर्बानी की अनुमति नहीं होगी। सार्वजनिक स्थानों पर पशुओं की खरीद-बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित है।
कुर्बानी केवल अधिकृत स्थानों पर ही हो सकती है, सड़कों, गलियों अथवा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी न की जाए। साथ ही इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि गायों, बछड़ों एवं ऊंटों की कुर्बानी पूर्णतः प्रतिबंधित है। पशुओं के परिवहन के दौरान उनके साथ किसी भी प्रकार की क्रूरता न की जाए। बिना लाइसेंस वाले स्थानों पर मांस की बिक्री सख्त रूप से प्रतिबंधित है। रक्त को नालियों अथवा सार्वजनिक सीवरेज प्रणाली में बहने न दिया जाए। किसी भी शिकायत या सूचना के लिए लोग निकटतम पुलिस स्टेशन अथवा पीसीआर से संपर्क कर सकते हैं।
मंत्री कपिल मिश्रा ने दिल्लीवासियों से अपील की है कि वे त्यौहार अवधि के दौरान क्षेत्रीय टीमों को पूर्ण सहयोग प्रदान करें तथा सरकार की ओर से जारी सभी परामर्शों एवं दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव