दिल्ली नागरिक सहकारी बैंक ने शुरू की एटीएम एवं डेबिट कार्ड सेवा
नई दिल्ली, 23 मई (हि.स.)। दिल्ली नागरिक सहकारी बैंक लिमिटेड ने शनिवार को एटीएम एवं डेबिट कार्ड सेवा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर दिल्ली के समाज कल्याण एवं सहकारिता मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन आईटीओ स्थित हिंदी भवन में किया गया।
बैंक ने पहली बार एटीएम सेवा शुरू करने के साथ ही गोल्ड लोन सुविधा का भी शुभारंभ किया। इस दौरान डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के विस्तार और ग्राहकों को आधुनिक एवं सुविधाजनक बैंकिंग अनुभव उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नई पहलों की जानकारी साझा की गई।
मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने कहा कि सहकारिता क्षेत्र आम नागरिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का एक प्रभावी माध्यम है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सहकारिता से समृद्धि के विजन को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली में सहकारी संस्थाओं को आधुनिक तकनीकों और डिजिटल सेवाओं से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार से लोगों को अधिक पारदर्शी, सरल और सुविधाजनक सेवाएं मिलेंगी तथा सहकारी क्षेत्र को नई मजबूती मिलेगी।
मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने और बैंकिंग सेवाओं को अधिक सुलभ, आधुनिक तथा जनहितकारी बनाने के लिए काम कर रही है।
बैंक के चेयरमैन प्रदीप कुमार शर्मा ने कहा कि बैंक ग्राहकों की सुविधा और विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रहा है। एटीएम एवं डेबिट कार्ड सुविधा की शुरुआत बैंक के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि गोल्ड लोन जैसी नई सेवाओं के माध्यम से ग्राहकों को सरल और त्वरित वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही बैंक डिजिटल सेवाओं के विस्तार, एटीएम नेटवर्क को मजबूत करने और ऑनलाइन बैंकिंग सुविधाओं को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव