आतिशी ने की आआपा विधायकों के निलंबन को वापस लेनी की मांग

 


नई दिल्ली, 22 मार्च (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने रविवार को आम आदमी पार्टी (आआपा) के निलंबित विधायकों का निलंबन वापस लेने की मांग की। उन्होंने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि अगर आआपा के विधायकों का निलंबन वापस नहीं लिया गया, तो हमारा कोई विधायक सोमवार से शुरू होने वाले बजट सत्र के दूसरे भाग में हिस्सा नहीं लेगा।

आतिशी ने कहा कि दिल्ली विधानसभा में सत्ता पक्ष विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि जब सत्ता पक्ष के विधायक दिनों तक सदन ठप करते रहे, कोई कार्रवाई नहीं हुई। लेकिन हमारे 4 विधायकों को पिछले सत्र और अब बजट सत्र में भी निलंबित कर दिया गया। सिर्फ इसलिए कि उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर सवाल उठाए? उन्होंने कहा कि अगर हमारी मांगे नहीं मानी, तो अब जनता की आवाज सड़क पर उठाएंगे।

इससे पहले आतिशी ने दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को शनिवार को पत्र लिखकर विधायकों के निलंबन वापस लेने का आग्रह किया है। इसके साथ ही विपक्ष के सदस्यों को लोकहित के मुद्दे उठाने से न रोकने और उन्हें उचित समय प्रदान करने का आग्रह किया।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने पिछले सत्र में हंगामा करने पर आआपा विधायक सोमदत्त, जरनैल सिंह, संजीव झा और कुलदीप कुमार को सदन निलंबित किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव