हिमांशु भाऊ गैंग के चार गुर्गे कोटा से गिरफ्तार
नई दिल्ली, 30 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने हिमांशु भाऊ सिंडिकेट से जुड़े चार आरोपितों को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया है। इनमें रमन (19) उर्फ फौजी और करण (22) शामिल हैं। दोनों पर दिल्ली-हरियाणा समेत कई राज्यों में हत्या, हत्या के प्रयास और फायरिंग के गंभीर मामले दर्ज हैं। दोनों लंबे समय से फरार चल रहे थे और अलग-अलग आपराधिक वारदातों में वांछित थे। दोनों पर हरियाणा और उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में इनाम भी घोषित है।
पुलिस के मुताबिक, रमन और करण दिसंबर 2025 में दिल्ली के आया नगर में डेयरी कारोबारी रतन की हत्या में वांछित थे। इस वारदात में बदमाशों ने 70 से अधिक गोलियां चलाई थीं। इसके अलावा अगस्त 2025 में द्वारका मोड़ पर मोहम्मद डागर की हत्या के मामले में भी दोनों की तलाश थी। इस घटना में 20 से अधिक राउंड फायरिंग हुई थी।
दिसंबर 2025 में रोहतक के रिटोली गांव में हिमांशु भाऊ के प्रतिद्वंद्वी सनी रिटोली पर हुए हमले में भी दोनों की भूमिका सामने आई थी। हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि चार अन्य घायल हुए थे। मई 2026 में उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर स्थित ककोड़ में गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया के प्रतिद्वंद्वी जितेंद्र उर्फ जीतू पर की गई अंधाधुंध फायरिंग के मामले में भी दोनों वांछित थे। दिल्ली स्पेशल सेल में दर्ज दो अलग-अलग मामलों में भी दोनों की तलाश थी।
पुलिस के मुताबिक, करण के खिलाफ हरियाणा के रेवाड़ी और पलवल में भी फायरिंग के मामले दर्ज हैं। मई 2024 में उसने रेवाड़ी के मोहल्ला कुतुबपुर में शेखर राव के घर पर कथित तौर पर अंधाधुंध फायरिंग की थी। दिसंबर 2024 में पलवल के महेशपुर गांव के सरपंच पर ऑटोमैटिक कार्बाइन से फायरिंग करने का भी आरोप है। वहीं, रमन दिल्ली क्राइम ब्रांच में दर्ज आर्म्स एक्ट के एक मामले में वांछित था। दोनों को पनाह देने और उनके लिए पैसों का लेन-देन करने के आरोप में पुलिस ने दो सगे भाइयों शेखर तिवारी (23) और विनोद तिवारी (30) को भी गिरफ्तार किया है। दोनों मथुरा के गोवर्धन थाना क्षेत्र के जिखन गांव के रहने वाले हैं।
चारों आरोपितों को अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस को पूछताछ के लिए उनकी कस्टडी रिमांड मिल गई है। स्पेशल सेल अब आरोपितों से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों, हथियारों और आपराधिक नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव