केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार के साथ मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ‘सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’ में हुई सम्मिलित

 


नई दिल्ली, 30 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा के साथ दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता बुधवार को ‘सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’ में सम्मिलित हुई। इस शिविर का आयोजन ‘स्वच्छता ही सेवा (एसएचएस) 2026’ अभियान के तहत केंद्र सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने नई दिल्ली के केदारनाथ साहनी सभागार में किया।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत केदारनाथ साहनी ऑडिटोरियम में आयोजित ‘सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’ में सम्मिलित हुई। शिविर में सफाई मित्रों, स्वच्छाग्रहियों और उनके परिजनों के लिए स्वास्थ्य जांच, केंद्र एवं दिल्ली सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ, पीपीई एवं सुरक्षा किट उपलब्ध कराई गईं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे सफाई मित्र अपने परिश्रम और सेवाभाव से हर दिन दिल्ली को स्वच्छ और सुंदर बनाते हैं। उनकी कर्मनिष्ठा ही स्वच्छ दिल्ली की शक्ति है। उन्होंने सफाई मित्रों और स्वच्छाग्रहियों की सेवा को हृदय से प्रणाम और उनके अथक योगदान के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि आपका सम्मान, सुरक्षा और कल्याण हमारी सरकार का संकल्प है।

इस अवसर पर दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही,दिल्ली नगर निगम के आयुक्त संजीव खिरवार सहित अन्य लोगो उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव