यूजीसी नेट की उत्तर कुंजी और परिणाम जारी करने की मांग, अभाविप ने यूजीसी सचिव को सौंपा ज्ञापन

 




नई दिल्ली, 06 अगस्त (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने यूजीसी नेट जून 2026 परीक्षा की प्रोविजनल उत्तर कुंजी और परिणाम जारी करने में हो रही देरी को लेकर विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के सचिव प्रो. श्याम राठ को गुरुवार को ज्ञापन सौंपा। परिषद ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) से शीघ्र प्रोविजनल उत्तर कुंजी और परिणाम जारी कराने, देरी के कारणों पर सार्वजनिक स्पष्टीकरण देने तथा भविष्य में राष्ट्रीय परीक्षाओं के लिए पारदर्शी और समयबद्ध प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग की।

अभाविप का कहना है कि 22 से 30 जून 2026 के बीच आयोजित यूजीसी नेट परीक्षा संपन्न हुए एक माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक न तो प्रोविजनल उत्तर कुंजी जारी की गई है और न ही परिणाम घोषित किए गए हैं। संगठन के अनुसार इस विलंब से देशभर के लाखों अभ्यर्थियों का शैक्षणिक, शोध एवं व्यावसायिक भविष्य प्रभावित हो रहा है तथा विद्यार्थियों में असमंजस और चिंता का माहौल बना हुआ है।

ज्ञापन में कहा गया है कि यूजीसी नेट सहायक आचार्य के रूप में पात्रता, पीएचडी प्रवेश और जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) के लिए पात्रता निर्धारित करने वाली महत्वपूर्ण राष्ट्रीय परीक्षा है। सामान्य प्रक्रिया के अनुसार परीक्षा के कुछ दिनों बाद प्रोविजनल उत्तर कुंजी जारी कर अभ्यर्थियों से आपत्तियां आमंत्रित की जाती हैं और उसके बाद अंतिम परिणाम घोषित किए जाते हैं। परिषद ने आरोप लगाया कि इस बार निर्धारित प्रक्रिया में असामान्य देरी हुई है और एनटीए अथवा यूजीसी की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण भी उपलब्ध नहीं कराया गया है।

अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेन्द्र सिंह सोलंकी ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं की विश्वसनीयता उनकी पारदर्शिता, समयबद्धता और जवाबदेही पर आधारित होती है। उन्होंने कहा कि यूजीसी नेट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा की उत्तर कुंजी और परिणाम में अनावश्यक देरी से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने यूजीसी से विद्यार्थी हितों को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र उत्तर कुंजी और परिणाम जारी करने, विलंब के कारणों का सार्वजनिक स्पष्टीकरण देने तथा भविष्य के लिए निश्चित समय-सीमा तय करने का आग्रह किया।

यूजीसी सचिव को ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेन्द्र सिंह सोलंकी, दिल्ली प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा, प्रदेश सह मंत्री विकास पटेल, प्रदेश छात्रा कार्य सह प्रमुख अंकिता मंचंदा, दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) अध्यक्ष आर्यन मान तथा जेएनयू छात्रा कार्य प्रमुख मनीषा डाबला शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी