इंस्पायर एसएचई छात्रवृत्ति वितरण में देरी पर अभाविप ने केंद्रीय मंत्री को सौंपा ज्ञापन

 




नई दिल्ली, 20 जुलाई (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की इंस्पायर स्कॉलरशिप फॉर हायर एजुकेशन (एसएचई) योजना में अधिसूचना जारी होने और छात्रवृत्ति एवं फेलोशिप वितरण में हो रही देरी को लेकर केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा।

अभाविप ने शैक्षणिक वर्ष 2025-26 के लिए अब तक योजना की अधिसूचना जारी नहीं होने पर चिंता जताई। संगठन का कहना है कि हर वर्ष सितंबर-अक्टूबर में अधिसूचना जारी होने से विद्यार्थियों को समय पर वित्तीय सहायता मिलती है, लेकिन इस बार देरी के कारण हजारों विद्यार्थी असमंजस की स्थिति में हैं। साथ ही, लंबित छात्रवृत्ति और फेलोशिप की राशि समय पर नहीं मिलने से शोध कार्य, प्रयोगशाला आधारित अध्ययन और अन्य शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।

ज्ञापन में अभाविप ने 2025-26 की अधिसूचना शीघ्र जारी करने, लंबित छात्रवृत्ति एवं फेलोशिप का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने, भविष्य में अधिसूचना और निधि वितरण के लिए निश्चित एवं पारदर्शी समय-सीमा तय करने तथा प्रभावी शिकायत निवारण तंत्र विकसित करने की मांग की।

अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेन्द्र सिंह सोलंकी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में वैज्ञानिक शिक्षा और गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि इंस्पायर एसएचई जैसी योजनाएं देश की वैज्ञानिक प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में सहायक हैं, इसलिए विद्यार्थियों और शोधार्थियों को समय पर वित्तीय सहायता मिलना आवश्यक है।

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह के साथ हुई बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने योजना से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। मंत्री ने अधिसूचना जारी करने और लंबित फेलोशिप के आवंटन की प्रक्रिया को जल्द आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।

बैठक में अभाविप के राष्ट्रीय मंत्री श्रवण बी. राज, क्षमा शर्मा, आदित्य तकियार, केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य गुंजन कुमार, दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष आर्यन मान, नेहा यादव और गार्गी जोशी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी