अभाविप की डीयू इकाई ने परास्नातक प्रवेशार्थियों की सहायता के लिए जारी किया हेल्पलाइन नंबर

 


नई दिल्ली, 10 जून (हि.स.)। दिल्ली विश्वविद्यालय में आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए परास्नातक प्रवेश प्रक्रिया का आरंभ चुका है। देश के अलग-अलग हिस्सों से हजारों विद्यार्थी डीयू का हिस्सा बनने के लिए आवेदन कर चुके हैं। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी छात्रों की सहायता हेतु अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) डीयू इकाई ने प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों की सहायता हेतु अपना विस्तृत 'अभाविप हेल्पलाइन नंबर' जारी किया है।

अभाविप ने बताया कि दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले कई छात्रों को तकनीकी जानकारी के अभाव में प्रवेश प्रक्रिया, फॉर्म भरने, कट-ऑफ और पाठ्यक्रम चयन में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या के त्वरित समाधान के लिए हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अभाविप ने विषय अनुसार कार्यकर्ताओं की एक हेल्पलाइन टीम गठित की है।

अभाविप डीयू इकाई अध्यक्ष अभिनव चौधरी ने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ने का सपना लेकर देश के हर कोने से छात्र आते हैं। कई बार सही जानकारी के अभाव में उन्हें फॉर्म भरने या काउंसलिंग के दौरान बेवजह दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि अभाविप का 'सहायता संपर्क सूत्र' यह सुनिश्चित करेगा कि किसी भी मेधावी छात्र का सपना केवल जानकारी की कमी से न टूटे।

अभाविप डीयू इकाई मंत्री अक्षय प्रताप ने कहा कि विद्यार्थी परिषद केवल एक संगठन नहीं, बल्कि डीयू में कदम रखने वाले हर नए छात्र का परिवार है। कल पहले चरण का पंजीकरण होने के तुरंत बाद से ही अभाविप इकाई पूरी तरह सक्रिय हो गई है। अभाविप हमेशा की तरह छात्र हितों के लिए ढाल बनकर खड़ी है। ये सभी हेल्पलाइन नंबर हमने पंजीकरण के पहले चरण की शुरुआत के साथ ही जारी किया था जिसके माध्यम से हमारे कार्यकर्ता सैकड़ो छात्रों की सहायता कर चुके है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी