अभाविप के संभावित प्रत्याशियों ने डूसू चुनाव के लिए किया नामांकन, जनसंपर्क अभियान तेज
नई दिल्ली, 10 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। संगठन की ओर से घोषित संभावित प्रत्याशियों ने गुरुवार को नामांकन पत्र दाखिल किए। नामांकन करने वालों में आलोक अत्री, इशू मौर्य, लक्ष्य राज सिंह, नितिन तंवर, रिया छावड़ी, तान्या मावी और यश डबास शामिल हैं।
नामांकन पत्रों की जांच के बाद इन्हीं संभावित प्रत्याशियों में से अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पदों के लिए अंतिम प्रत्याशियों का चयन किया जाएगा। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही अभाविप ने विद्यार्थियों के बीच अपना जनसंपर्क अभियान भी तेज कर दिया है।
अभाविप कार्यकर्ता दिल्ली विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों में पीजी-टू-पीजी और क्लास-टू-क्लास अभियान चला रहे हैं। इस दौरान विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं और सुझावों को जाना जा रहा है।
सत्य निकेतन की घटना के बाद विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित आवास व्यवस्था का मुद्दा भी अभाविप के अभियान में प्रमुखता से शामिल है। संगठन के 'आखिर कब तक?' अभियान के तहत पीजी सर्वेक्षण कर आवासीय क्षेत्रों की समस्याओं और सुरक्षा मानकों की जानकारी जुटाई जा रही है।
अभाविप ने विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त, सुरक्षित और सुलभ छात्रावास उपलब्ध कराने, नए छात्रावासों के निर्माण में तेजी लाने तथा विद्यार्थी-बहुल क्षेत्रों में संचालित पीजी और किराये के भवनों में सुरक्षा मानकों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने की मांग की है।
संगठन ने अपने प्रचार अभियान में डूसू के माध्यम से पिछले वर्षों में किए गए कार्यों को भी विद्यार्थियों के सामने रखना शुरू किया है। इनमें 1000 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, स्टूडेंट फैसिलिटी सेंटर, डूसू इंटर्नशिप, पीजी सीटों में वृद्धि, मूल्यांकन शुल्क में कमी, 'मदारी', 'कैंपस कलाकार' और पिंक बूथ जैसी पहल, यू-बस सेवा की शुरुआत तथा स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार जैसे मुद्दे शामिल हैं।
अभाविप कार्यकर्ता कॉलेजों, पीजी और कक्षाओं में विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी प्राथमिकताओं को समझ रहे हैं। संगठन का कहना है कि विद्यार्थियों से मिलने वाले सुझावों और अपेक्षाओं के आधार पर आगामी दिनों में घोषणापत्र तैयार किया जाएगा।
अभाविप दिल्ली के मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि डूसू चुनाव को लेकर संगठन के कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ विद्यार्थियों के बीच हैं। उन्होंने कहा कि नामांकन के बाद संवाद अभियान को और व्यापक किया जाएगा। उनके मुताबिक अभाविप केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि पूरे वर्ष विद्यार्थियों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझने और समाधान के लिए काम करने में विश्वास रखता है।
सार्थक शर्मा ने कहा कि इस चुनाव में भी विद्यार्थियों की आवाज को केंद्र में रखा जाएगा और उनसे मिल रहे सुझावों के आधार पर आगामी प्राथमिकताएं तय की जाएंगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिल्ली विश्वविद्यालय के विद्यार्थी काम और जवाबदेही की राजनीति का समर्थन करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी