सत्य निकेतन घटना को लेकर अभाविप का कांग्रेस- एनएसयूआई पर हमला, कहा- विद्यार्थियों की समस्या का समाधान नहीं, मुद्दा चाहिए
नई दिल्ली, 16 सितंबर (हि.स.)। सत्य निकेतन की घटना और विद्यार्थियों के लिए 10 हजार क्षमता वाले छात्रावास के निर्माण की घोषणा को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने कांग्रेस-एनएसयूआई पर निशाना साधा। अभाविप ने आरोप लगाया कि कांग्रेस-एनएसयूआई विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान चाहने के बजाय उन्हें राजनीतिक मुद्दा बनाए रखना चाहती है।
अभाविप दिल्ली के प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि सत्य निकेतन की घटना के समय मलबे पर हथौड़ा चलाकर रील बनाने से लेकर अब 10 हजार विद्यार्थियों के लिए छात्रावास निर्माण की घोषणा पर सवाल उठाने तक कांग्रेस-एनएसयूआई लगातार विद्यार्थियों की समस्याओं पर राजनीति कर रही है।
उन्होंने कहा कि जब छात्रावासों की कमी थी, तब कांग्रेस-एनएसयूआई इस विषय को लेकर राजनीति करती थी और अब जब विद्यार्थियों की मांग पर छात्रावास निर्माण की घोषणा हुई है, तो उसके निर्माण पर ही प्रश्न उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस-एनएसयूआई से स्पष्ट करने को कहा कि वह विद्यार्थियों की समस्या का समाधान चाहती है या केवल इस विषय को राजनीतिक मुद्दा बनाए रखना चाहती है।
सार्थक शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने आजादी के बाद 50 से अधिक वर्षों तक दिल्ली में शासन किया है। कांग्रेस-एनएसयूआई को यह सवाल कांग्रेस से पूछना चाहिए कि इतने लंबे शासनकाल के दौरान विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त, सुरक्षित और सुलभ छात्रावास उपलब्ध कराने के लिए क्या कदम उठाए गए।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के आवास जैसे गंभीर विषय को राजनीति का साधन बनाने के बजाय उनकी वास्तविक आवश्यकताओं पर ध्यान दिया जाना चाहिए। अभाविप लंबे समय से छात्रावासों की संख्या बढ़ाने और विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं सुलभ आवास उपलब्ध कराने की मांग करती रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी