साइकिल खरीद में कथित घोटाले को लेकर आआपा का दिल्ली सचिवालय के बाहर प्रदर्शन, जांच की मांग
नई दिल्ली, 31 अगस्त (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को दिल्ली सचिवालय के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकारी स्कूलों की छात्राओं के लिए साइकिल खरीद में कथित भ्रष्टाचार की जांच की मांग की। इस प्रदर्शन का नेतृत्व आआपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने किया।
प्रदर्शन के दौरान सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली सरकार पर साइकिलों की खरीद में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली सरकार ने सरकारी स्कूलों की छात्राओं के लिए करीब 1.30 लाख साइकिलें 6,957 रुपये प्रति साइकिल की दर से खरीदी हैं, जबकि आम आदमी पार्टी ने खुले बाजार में लगभग 4,000 रुपये में समान गुणवत्ता की साइकिल खरीदने का दावा किया है।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में गरीब परिवारों की छात्राओं को वितरित की जाने वाली साइकिलों की खरीद में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का मामला सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने करीब 1.30 लाख साइकिलों की खरीद पर लगभग 90 करोड़ रुपये खर्च किए, जबकि बाजार कीमत के आधार पर इसमें करीब 40 करोड़ रुपये के कथित भ्रष्टाचार का सवाल उठता है।
उन्होंने कहा कि बाजार में एक सामान्य साइकिल की कीमत करीब 4,000 रुपये है, जबकि दिल्ली सरकार ने प्रति साइकिल लगभग 7,000 रुपये खर्च किए। भारद्वाज ने इस पूरे मामले की जांच कराने और खरीद प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
आआपा नेता ने आरोप लगाया कि जिन गरीब बच्चियों को सरकारी योजना के तहत साइकिलें मिलनी थीं, उनके लिए की गई खरीद में भी भ्रष्टाचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस मामले में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और खरीद से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक करने चाहिए।
प्रदर्शन में आआपा के बुराड़ी विधायक संजीव झा, कोंडली विधायक कुलदीप कुमार समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी