मनोज तिवारी के आवास पर आआपा विधायक संजीव झा का समर्थकों के साथ हंगामा, सांसद ने लगाए आरोप

 


नई दिल्ली, 03 जून (हि.स.)। दिल्ली के जगतपुर गांव में ओ-जोन को लेकर प्रशासन की कार्रवाई के मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद मनोज तिवारी के आवास पर आम आदमी पार्टी (आआपा) विधायक संजीव झा के समर्थकों के साथ मंगलवार देर रात पहुंचने के बाद हंगामा शुरू हो गया। आआपा विधायक और उनके समर्थकों को पुलिस ने वहां से हटाया।

सांसद मनोज तिवारी ने यहां पत्रकारों को संबोधित करते हुए आज कहा कि बुराड़ी के आआआ विधायक संजीव झा और झड़ौदा पार्षद गगन चौधरी खुद सरकारी जमीन पर किए गए कब्जे को बचाने के लिए जनता को भ्रमित कर उन्हें भड़काने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि विधायक संजीव झा और पार्षद गगन चौधरी उनके घर आए थे। सांसद ने दावा किया कि अवैध रूप से हथियाई गई जमीन को बचाने के लिए इन दोनों ने साजिश रची और ग्रामीणों को गुमराह करके सरकार को बदनाम कर रहे हैं।

सांसद मनोज तिवारी ने स्पष्ट कहा कि ओ-जोन नियमों के तहत उन क्षेत्रों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है, जो पहले से ही तटबंध के पीछे हैं और यमुना की तरफ नहीं हैं, जहां पिछले 25 से 30 वर्षों से तटबंध का बाढ़ का पानी नहीं पहुंचा है।

आआपा विधायक संजीव झा ने आज सोशल मीडिया एक्स पर वीडियो जारी करते हुए कहा कि कल जगतपुर गांव में ओ-जोन के नाम पर तोड़फोड़ हुई, जबकि सांसद मनोज तिवारी ने कहा था कि कोई तोड़फोड़ नहीं होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि मंगलवार को गांव के सम्मानित पंचों और ग्रामीणों के साथ जब वे समाधान पूछने सांसद के पास गए तो जवाब देने के बजाय उन्हें और आआपा पार्षद को गिरफ्तार करवा दिया गया।

संजीव झा ने एक अन्य वीडियो जारी करते हुए कहा कि आज सुबह-सुबह सांसद ने पुलिस भेज कर उन्हें घर से दोबारा गिरफ्तार करा दिया है। दिल्ली पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर बुराड़ी थाने ले जा रही है। इसकी तस्वीर भी उन्होंने एक्स पर साझा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव