ई20 ईंधन के विरोध में पीएम आवास की ओर आआपा का मार्च, फिरोज शाह रोड पर धरने पर बैठे केजरीवाल

 


नई दिल्ली, 04 अगस्त (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को ई20 ईंधन नीति के विरोध में प्रधानमंत्री आवास तक मार्च का नेतृत्व किया। इस दौरान उनके साथ वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया, राज्यसभा सदस्य संजय सिंह और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

मार्च के दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ई20 पेट्रोल को लेकर जनता में भारी नाराजगी है और लोग इससे परेशान हैं। उन्होंने दावा किया कि पार्टी ई20 ईंधन के खिलाफ 2.3 लाख से अधिक लोगों की हस्ताक्षरित याचिकाएं प्रधानमंत्री को सौंपने जा रही थी।

केजरीवाल ने कहा कि उनकी मांग है कि लोगों पर जबरन इथेनॉल आधारित ईंधन न थोपा जाए और सरकार इस फैसले पर पुनर्विचार करे।

लेकिन प्रधानमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे आआपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने बीच रास्ते में रोक दिया। इसके बाद अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और अन्य नेताओं ने फिरोज शाह रोड पर धरना शुरू कर दिया।

इस दौरान आआपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि आज यहां ये याचिकाएं लेकर आए हैं और इन्हें आगे बढ़ाने की इजाजत मिलनी चाहिए। अगर कोई समस्या है, तो प्रधानमंत्री कार्यालय से कोई व्यक्ति यहां आकर याचिकाएं ले सकता है और इस मुद्दे पर बातचीत करने के लिए सहमत हो सकता है।

आआपा नेता अनुराग ढांडा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देशभर के करोड़ों वाहन मालिक ई20 नीति से चिंतित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की चिंताओं को नजरअंदाज कर रही है और प्रधानमंत्री को इस मुद्दे पर लोगों की बात सुननी चाहिए। ढांडा ने यह भी आरोप लगाया कि इथेनॉल नीति पर बाहरी दबाव में फैसले लिए जा रहे हैं और सरकार को इस विषय पर खुलकर संवाद करना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी