आआपा नेता अंकुश नारंग ने जलमंत्री और डीजेबी सीईओ को लिखा पत्र
नई दिल्ली, 17 अगस्त (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के वरिष्ठ नेता और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने पश्चिमी पटेल नगर के रंजीत नगर वार्ड 87 में सीवर ओवरफ्लो, खुले गटर और जलभराव को लेकर सोमवार को जलमंत्री प्रवेश साहिव वर्मा और दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) सीईओ को पत्र लिखा है। उन्होंने जल मंत्री और डीजेबी के सीईओ से तत्काल सीवर सफाई, खुले गटर बंद करने, जलनिकासी का स्थायी समाधान करने की मांग की। साथ ही, लापरवाही बरतने वाले दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और उन पर सख्त कार्रवाई की भी मांग की।
अंकुश नारंग ने पत्र में कहा कि पश्चिमी पटेल नगर एवं रंजीत नगर वार्ड नं. 87 के निवासियों की सीवर संबंधी गंभीर समस्या सामने आई है। क्षेत्र में लंबे समय से सीवर ओवरफ्लो, खुले गटर, गंदे पानी का फैलाव और जलभराव की समस्या बनी हुई है। इसके कारण स्थानीय निवासियों को अत्यंत कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है तथा क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध के कारण स्वास्थ्य संबंधी गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।
उन्होंने पत्र में कहा कि स्थानीय निवासियों की ओर से संबंधित विभाग और उसके कर्मचारियों को कई बार शिकायतें दर्ज कराई गई हैं, लेकिन इसके बावजूद संबंधित कर्मचारियों की ओर से समस्या के समाधान के लिए अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि शिकायतों की लगातार अनदेखी किया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं चिंताजनक है।
अंकुश नारंग ने मांग की है कि क्षेत्र में सीवर ओवरफ्लो की समस्या का तत्काल समाधान कराया जाए। सभी खुले गटरों को प्राथमिकता के आधार पर बंद एवं सुरक्षित कराया जाए। जलभराव वाले स्थानों से तत्काल गंदे पानी की निकासी कराई जाए। सीवर लाइनों की पूरी तरह सफाई एवं आवश्यकतानुसार मरम्मत कराई जाए। साथ ही उन्होंने पूर्व में दर्ज शिकायतों पर कार्रवाई न करने वाले संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने की भी बात की।
नारंग ने कहा कि क्षेत्र का निरीक्षण कर समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए और भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा उत्पन्न न हो, इसकी उचित व्यवस्था की जाए।
अंकुश नारंग ने जलमंत्री और डीजेबी के सीईओ से अपेक्षा की है कि जनहित में इस मामले को प्राथमिकता देते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे और संबंधित अधिकारियों से की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी प्राप्त करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी