दिल्ली में मानसून की तैयारियों को लेकर आआपा ने सरकार पर साधा निशाना
नई दिल्ली, 30 मई (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) ने आगामी मानसून की तैयारियों को लेकर दिल्ली सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मानसून आने वाला है लेकिन नालों की सफाई पूरी नहीं की गई।
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में नेता प्रतिपक्ष और आम आदमी पार्टी के नेता अंकुश नारंग ने शनिवार को एक वीडियों में कहा कि ईस्ट, वेस्ट और सेंट्रल दिल्ली में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के नालों की अभी तक सफाई शुरू नहीं हुई। शाहदरा और नजफगढ़ जैसे बड़े नाले तक सरकार साफ नहीं की। मिंटो ब्रिज से बाहर निकलकर पूरी दिल्ली को देखने और इस बार मानसून में डूबने से बचाने के लिए कार्य करना चाहिए।
अंकुश नारंग ने कहा कि मई का महीना खत्म हो रहा है और जून शुरू हो गया है। इसी जून में दिल्ली में मानसून आएगा, लेकिन अभी तक दिल्ली में पीडब्ल्यूडी और एमसीडी के नालों की सफाई नहीं हुई है। ईस्ट दिल्ली, वेस्ट दिल्ली और सेंट्रल दिल्ली में नालों की सफाई शुरू तक नहीं हुई है। कई जगहों पर केवल पहले फेज की सफाई हुई है और दूसरे फेज के काम में अभी 17 दिन लगने हैं।
उन्होंने सवालिया लहजे में पूछा कि क्या इस बार फिर से दिल्लीवासियों को जलभराव का सामना करना पड़ेगा और सीवर व गटर का गंदा पानी जगह-जगह बहेगा?
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि दिल्ली की जनता परेशान है क्योंकि जितने भी छोटे और बड़े नाले हैं, उनकी सफाई अभी तक नहीं हुई है। इससे बारिश के दौरान एमसीडी और पीडब्ल्यूडी की हर गली और सड़क पर जगह-जगह फिर से जलभराव नजर आएगा।
अंकुश नारंग ने कहा कि सरकार को यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ मिंटो ब्रिज से बाहर निकलकर पूरी दिल्ली में जाकर देखना चाहिए, क्योंकि जून में मानसून शुरू हो जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी