भाजपा ने सफाईकर्मी की आत्महत्या मामले में आआपा पार्षद पर आर्थिक धोखाधड़ी का लगाया आरोप

 




नई दिल्ली, 17 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने आम आदमी पार्टी (आआपा) के त्रिलोकपुरी से निगम पार्षद विजय कुमार पर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के सफाई कर्मी दीपक के साथ आर्थिक धोखाधड़ी करने और उसे आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने गुरुवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में इस मामले में दर्ज पुलिस एफआईआर को सार्वजनिक करते हुए कहा कि घटना ने आम आदमी पार्टी का दोहरा चेहरा उजागर किया है।

हर्ष मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि सफाई कर्मी दीपक त्रिलोकपुरी वार्ड में कई वर्षों से कार्यरत थे और अपने परिवार के लिए मकान बनाना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने पार्षद विजय कुमार से मदद मांगी थी। उन्होंने बताया कि करीब एक वर्ष पहले पार्षद ने दीपक को मकान दिलाने का भरोसा देकर 15 लाख रुपये का ऋण दिलवाया और कथित तौर पर राशि अपने खाते में स्थानांतरित करवा ली। मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि दीपक की हस्ताक्षरित चेकबुक पार्षद ने अपने पास रख ली थी और पिछले नौ-दस महीनों से उनके वेतन की राशि भी चेक के माध्यम से निकालते थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि दीपक लगातार मकान दिलाने या पैसा वापस करने की मांग कर रहे थे, लेकिन कथित तौर पर उन्हें धमकाया गया और 25 प्रतिशत कमीशन की मांग की गई। मल्होत्रा ने कहा कि आर्थिक परेशानी के कारण दीपक मानसिक रूप से परेशान रहने लगे और अपने परिजनों एवं मित्रों से कहते थे कि उन्हें कुछ होने पर इसके लिए पार्षद विजय कुमार जिम्मेदार होंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दीपक ने एक सितंबर को आत्महत्या कर ली। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद भी पार्षद की ओर से परिवार को डराने-धमकाने का प्रयास किया गया। मामले की जानकारी 7-8 सितंबर के आसपास भाजपा नेताओं को हुई, जिसके बाद विधायक रविकांत, विधायक रविन्द्र नेगी, पार्षद प्रियंका गौतम और पूर्व उपमहापौर राजकुमार ढिल्लों ने परिवार से संपर्क किया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराने में मदद की।

मल्होत्रा ने बताया कि 14 सितंबर को दिल्ली पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

उन्होंने भाजपा की चार सदस्यीय टीम की सराहना करते हुए कहा कि टीम ने दिवंगत सफाई कर्मी दीपक को न्याय दिलाने के लिए परिवार का साथ दिया।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने आम आदमी पार्टी के नेताओं अरविंद केजरीवाल, सौरभ भारद्वाज और कुलदीप कुमार से पार्षद विजय कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मल्होत्रा ने त्रिलोकपुरी विधायक कुलदीप कुमार पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह दीपक की आत्महत्या के मामले में आरोपी बनाए जा रहे पार्षद के खिलाफ चुप क्यों हैं।

पत्रकार वार्ता में भाजपा मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर, विधायक रविन्द्र नेगी, विधायक रविकांत, पार्षद प्रियंका गौतम, भाजपा नेता राजकुमार ढिल्लों और मीडिया रिलेशन प्रमुख शुभेन्दु शेखर अवस्थी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी