आम आदमी पार्टी ने गृहमंत्री अमित शाह पर लगाया सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार कराने का आरोप

 




नई दिल्ली, 19 अगस्त (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी करवाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अब गिरफ्तारी गुनाह देखकर नहीं बल्कि राजनीति के चलते होती है। वहीं, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने इसे बदले की कार्रवाई बताया।

अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के समय पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जैन को अमित शाह के निर्देश पर गिरफ्तार किया गया।

केजरीवाल ने दावा किया कि उन्होंने एसीबी के एक अधिकारी से बात की। पहले सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार करने की कोई योजना नहीं थी। लेकिन, गृहमंत्री अमित शाह के एक फोन के बाद उन्हें दोपहर में गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि अब गिरफ्तारी इस बात से नहीं होती कि किसी ने कोई गुनाह किया है या नहीं बल्कि इस बात से होती है कि सरकार अगला निशाना किसे बनाना चाहती है।

वही, दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कहा कि जब पहले सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार किया गया था वह हिमाचल प्रदेश के लिए पार्टी के प्रभारी थे, और अब पंजाब के सह-प्रभारी हैं जहां फरवरी में चुनाव होने हैं। इसे साफ होता है कि सरकार अपने राजनीति हित के लिए निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि जैन की गिरफ्तारी सरकार की बदले की भावना से की गई कार्रवाई का हिस्सा है। सरकार घोटाला करने वालों पर कार्रवाई न करके आआपा के नेताओं को झूठे मामलों में फंसाती है।

आतिशी ने कहा कि पहले सत्येंद्र जैन को झूठे मामले में दो साल तक जेल में रखा गया और बाद में कोई भी सबूत न मिलने पर छोड़ दिया गया। आज फिर उनकी गिरफ्तारी झूठी राजनीति का हिस्सा है सरकार उनको फसाने का काम कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी