आंगनवाड़ी बहनों के योगदान को मंत्री कपिल मिश्रा ने किया सम्मानित, महिला सशक्तिकरण पर दिया जोर

 




नई दिल्ली, 25 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला कार्यालय उत्तर-पूर्व द्वारा 9वें पोषण माह के अंतर्गत “हमारी आंगनवाड़ी–हमारी जिम्मेदारी” अभियान के तहत ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम का आयोजन करावल नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक कैंप कार्यालय सोनिया विहार में किया गया। कार्यक्रम में दिल्ली के विकास, कला, संस्कृति एवं भाषा और पर्यटन मंत्री एवं करावल नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक कपिल मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मुख्य संदेश ‘सशक्त बालक- सशक्त भारत’ रहा। इस अवसर पर आंगनवाड़ी बहनों के सेवा, समर्पण एवं समाज निर्माण में योगदान को सम्मानित किया गया और उन्हें आंगनवाड़ी किट वितरित की गईं।

मंत्री कपिल मिश्रा ने आंगनवाड़ी बहनों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा, मातृ स्वास्थ्य और समाज में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। आंगनवाड़ी केंद्र केवल पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के भविष्य को मजबूत बनाने की आधारशिला हैं। उनकी मेहनत, संवेदनशीलता और सेवा भावना समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी बहनों का सम्मान वास्तव में समाज की उस शक्ति का सम्मान है, जो निस्वार्थ भाव से देश की भावी पीढ़ी के निर्माण में जुटी हुई है।

मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि करावल नगर विधानसभा क्षेत्र में तुकमीरपुर और सोनिया विहार सहित विभिन्न क्षेत्रों में विधायक कार्यालयों के माध्यम से जनता की समस्याओं को सुनने और उनका समाधान करने का प्रयास लगातार किया जा रहा है। महिलाएं अपनी समस्याओं, सुझावों और आवश्यकताओं को लेकर सीधे उनसे संपर्क कर सकती हैं। जनसेवा और लोगों के बीच उपलब्ध रहना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने श्रमिकों एवं कर्मचारियों के हित में सरकार द्वारा कार्य, रोजगार, वेतन और लंबित समस्याओं के समाधान के लिए उठाए जा रहे कदमों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग के साथ खड़ी है और जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी बहनों के साथ संवाद, सम्मान एवं सहभागिता का वातावरण रहा। मंत्री ने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से महिलाओं के साथ जुड़ाव और सामूहिक सहभागिता को मजबूत करने की बात कही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव