दिल्ली सरकार जल्द 45 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर जनता को समर्पित करेगी : पंकज कुमार सिंह
नई दिल्ली, 16 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली सरकार 'आयुष्मान आरोग्य मंदिर' पहल के सातवें चरण के तहत जल्द 45 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर जनता को समर्पित करेगी। इसके बाद कुल आरोग्य मंदिरों की संख्या बढ़कर 415 हो जाएगी।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने गुरुवार को एक विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि नई स्वास्थ्य देखभाल सुविधाओं में 45 आयुष्मान आरोग्य मंदिर शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को उनके अपने घरों के करीब जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होगी, जहां बीमारी से बचाव, स्वास्थ्य को बढ़ावा देने और व्यापक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा पर विशेष जोर दिया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि हमारी सरकार ने अब तक 370 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों सफलतापूर्वक शुरू कर जनता को समर्पित किया, जिनमें 244 अर्बन सब हेल्थ सेंटर और 126 अर्बन प्राइमरी हेल्थ सेंटर शामिल हैं। यह पहल जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं को और ज्यादा मजबूत करने के लिए दिल्ली सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता को दिखाता है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हमारा विजन हर नागरिक को घर के पास विश्वसनीय और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देना सुनिश्चित करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव