थाना दिवस जन सुनवाई के छह सत्रों में 3447 शिकायतों का हुआ निपटारा

 


नई दिल्ली, 05 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू के निर्देशों पर 20 जून से शुरू थाना दिवस जन सुनवाई के छह सत्रों में नागरिकों की 3902 शिकायतों में से 3447 का निपटारा किया गया। दिल्ली पुलिस ने यह जानकारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर साझा की।

जानकारी के मुताबिक, थाना दिवस जन सुनवाई के दौरान संयुक्त आयुक्त से सहायक आयुक्त स्तर के पुलिस अधिकारियों द्वारा थाना स्तर पर जाकर नागरिकों से सीधे संवाद कर शिकायतों का संज्ञान लिया गया। यह पहल शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के साथ ही पुलिस और जनता के बीच विश्वास, सहयोग और सहभागिता को मजबूत कर रही है। बकाया शिकायतों के भी उचित निवारण के लिए कानूनी प्रकिया जारी है। दिल्ली पुलिस हर थाने में शनिवार सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक थाना दिवस जन सुनवाई का आयोजन करती है। इस पहल का उद्देश्य जनता तक पहुंच बढ़ाना, पुलिस सेवाओं की सुलभता में सुधार करना और राष्ट्रीय राजधानी में जनता की शिकायतों का शीघ्र निवारण सुनिश्चित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव