ताहिरपुर कुष्ठ परिसर में ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत 2,000 दीप प्रज्वलित
नई दिल्ली, 17 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली के समाज कल्याण विभाग ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के अंतर्गत आज ताहिरपुर कुष्ठ परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने कुष्ठ प्रभावित व्यक्तियों, स्वयंसेवियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर राष्ट्रसेवा की कामना करते हुए दीप प्रज्वलित किए। इस अवसर पर परिसर में निवास कर रहे कुष्ठ प्रभावित व्यक्तियों द्वारा 2,000 दीप प्रज्वलित किए गए।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाओं से सजी फूलों की रंगोली को सैकड़ों दीपों से समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह और सांसद मनोज तिवारी ने स्वयंसेवियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर रोशन किया।
इस अवसर पर मंत्री इन्द्राज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर कुष्ठ प्रभावित व्यक्तियों के बीच ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करना सेवा और सम्मान की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ताहिरपुर कुष्ठ परिसर समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण परिसर है और यहां निवास कर रहे लोगों की सुविधाओं, आवास तथा अन्य आवश्यकताओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
मंत्री इंद्राज ने कहा कि परिसर के निवासियों द्वारा उनके समक्ष रखी गई मांगों पर सरकार गंभीरता सेu विचार करेगी। उन्होंने पेंशन में वृद्धि, परिसर के नवीनीकरण तथा आवश्यक सुविधाओं में सुधार का आश्वासन देते हुए कहा कि कुष्ठ प्रभावित व्यक्तियों के सम्मान और कल्याण से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलना और जरूरतमंद लोगों को सम्मानजनक जीवन के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि आपकी पेंशन को भी बढ़ाया जाएगा। आपकी सेवाओं में कोई कमी होगी, उसमें भी आवश्यक सुधार किए जाएगा। सरकार आपके सेवा और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है।” मंत्री ने परिसर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भी व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली और निवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने कार्यक्रम में शामिल होकर कहा कि उनके सांसद बनने के बाद पहली बार समाज कल्याण मंत्री ताहिरपुर कुष्ठ परिसर में आए हैं। उन्होंने परिसर की आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना है। उन्होंने कहा कि यह एशिया के प्रमुख कुष्ठ परिसरों में से एक है। यहां रहने वाले लोगों की आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान दिए जाने की जरूरत है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव