उत्कृष्ट कार्य करने वाले 106 पुलिसकर्मियों को सम्मान

 




नई दिल्ली, 29 मार्च (हि.स.)। पूर्वी जिला पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों के उत्कृष्ट कार्यों को सराहते हुए पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने 106 पुलिसकर्मियों को प्रशंसा प्रमाण पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। यह सम्मान उनके कर्तव्यनिष्ठा, पेशेवर दक्षता और समर्पण के लिए दिया गया।

इस अवसर पर आयोजित समारोह में जिले के सभी एसीपी, थाना प्रभारी (एसएचओ) और एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड के प्रभारी सहित सम्मानित पुलिसकर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने पुलिस बल के समर्पण, अनुशासन और कठिन परिस्थितियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।

पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने रविवार को कहा कि पुलिसकर्मियों का यह सम्मान न केवल उनकी मेहनत की पहचान है, बल्कि यह अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे पुलिस बल का मनोबल और ऊंचा होगा तथा सभी कर्मी भविष्य में भी इसी तरह ईमानदारी और लगन से अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहेंगे।

समारोह में यह भी रेखांकित किया गया कि पूर्वी जिला पुलिस लगातार बेहतर पुलिसिंग और जनता के साथ मजबूत तालमेल बनाए रखने के लिए प्रयासरत है। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के सम्मान कार्यक्रम पुलिसकर्मियों को और अधिक उत्साह के साथ काम करने के लिए प्रेरित करते हैं।

पूर्वी जिला पुलिस ने अपने सभी कर्मियों के समर्पण और कड़ी मेहनत को सलाम करते हुए यह भरोसा दिलाया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनता की सुरक्षा के लिए इसी तरह निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी