‘हर गांव के हर युवा’ थीम पर होगा सरगुजा ओलंपिक, 29 अगस्त तक करा सकेंगे पंजीयन
सूरजपुर, 17 अगस्त (हि.स.)। सूरजपुर जिले में ग्रामीण युवाओं को खेलों से जोड़ने और गांवों में छिपी प्रतिभाओं को बेहतर मंच देने के उद्देश्य से सरगुजा ओलंपिक 2026-27 का आयोजन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निर्देशानुसार होने वाली विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का पंजीयन शुरू है। इच्छुक खिलाड़ी 29 अगस्त तक अपना पंजीयन करा सकते हैं।
इस वर्ष भी प्रतियोगिता की थीम ‘हर गांव के हर युवा’ रखी गई है। इसके माध्यम से अधिक से अधिक ग्रामीण युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने का प्रयास किया जा रहा है। खिलाड़ियों के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम से पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
विकासखंड स्तर पर व्यक्तिगत और दलीय खेलों की अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। व्यक्तिगत खेलों में तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, कराते और कुश्ती को शामिल किया गया है।
एथलेटिक्स में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर दौड़, 400 मीटर रिले, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो और जैवलिन थ्रो की स्पर्धाएं होंगी। तीरंदाजी में इंडियन राउंड के तहत 30 और 50 मीटर की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।दलीय खेलों में हॉकी, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, फुटबॉल, कबड्डी और रस्साकसी शामिल हैं। रस्साकसी की प्रतियोगिता महिलाओं के लिए प्रदर्शनात्मक स्पर्धा के रूप में आयोजित की जाएगी।
सरगुजा ओलंपिक में 14 से 17 वर्ष और सीनियर वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। सीनियर वर्ग के लिए कोई अधिकतम आयु सीमा निर्धारित नहीं की गई है। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले प्रत्येक खिलाड़ी के लिए पंजीयन कराना अनिवार्य होगा। वहीं कराते और कुश्ती में निर्धारित आयु तथा वजन वर्ग के अनुसार ही खिलाड़ियों को भाग लेने की अनुमति होगी।
कुश्ती और हॉकी में खिलाड़ियों तथा टीमों की भागीदारी सीधे जिला स्तर से संभाग स्तर की प्रतियोगिता में होगी। संबंधित खिलाड़ियों और टीमों को प्रतियोगिता की प्रक्रिया के अनुसार आगे भेजा जाएगा।प्रतियोगिता में शामिल होने के इच्छुक खिलाड़ी 29 अगस्त 2026 तक अपना पंजीयन करा सकते हैं। पंजीयन ऑनलाइन गूगल फॉर्म के माध्यम से या संबंधित कार्यालय में ऑफलाइन कराया जा सकता है।
खिलाड़ी अधिक जानकारी के लिए कार्यालयीन समय में खेल एवं युवा कल्याण विभाग, संबंधित जनपद पंचायत कार्यालय या विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। ऑनलाइन पंजीयन के लिए सरगुजा ओलंपिक के पंजीयन पोर्टल का उपयोग किया जा सकता है। प्रतियोगिता से जुड़ी जानकारी के लिए 8319330487 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय