।कन्या विवाह योजना में उम्र का विवाद: दो सरकारी रिकॉर्ड में नौ माह का अंतर, सत्यापन प्रक्रिया पर उठे सवाल

 

जांजगीर-चांपा, 25 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में वर की उम्र को लेकर दस्तावेजी विसंगति सामने आने से महिला एवं बाल विकास विभाग की सत्यापन प्रक्रिया सवालों के घेरे में आ गई है। दो सरकारी अभिलेखों में जन्मतिथि का करीब नौ माह का अंतर मिलने के बाद अब ग्राम पंचायत से लेकर जिला कार्यालय तक जिम्मेदारों की भूमिका की जांच की मांग उठ रही है।

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2025-26 की योजना के तहत परियोजना जांजगीर-नवागढ़ क्रमांक-2 की हितग्राही सूची में 10 फरवरी 2026 को आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम के क्रमांक पांच पर वर रोहन का नाम दर्ज है। विभागीय सूची में उसकी जन्मतिथि 1 जनवरी 2005 दर्ज है। वहीं, सूचना के अधिकार के तहत विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त सत्यापित दाखिल-खारिज रजिस्टर में जन्मतिथि 7 अक्टूबर 2005 बताई गई है।

यदि शिक्षा विभाग का अभिलेख सही पाया जाता है, तो विवाह के दिन वर की उम्र 20 वर्ष 4 माह थी, जबकि पुरुष के विवाह की न्यूनतम वैधानिक आयु 21 वर्ष निर्धारित है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान इस अंतर पर ध्यान क्यों नहीं दिया गया।

मामले में ग्राम पंचायत, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पर्यवेक्षक, परियोजना अधिकारी और जिला कार्यालय की भूमिका की जांच की मांग की जा रही है। साथ ही आवेदन पत्र, संलग्न दस्तावेज, सत्यापन रिपोर्ट और अंतिम स्वीकृति से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल जरूरी बताई जा रही है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिता अग्रवाल ने मामले में जांच कराने का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि पूरे रिकॉर्ड की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

अब देखना होगा कि जांच में जन्मतिथि का अंतर लिपिकीय त्रुटि साबित होता है या सत्यापन में गंभीर लापरवाही सामने आती है।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

\------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT