सूरजपुर : भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री ने अवैध कब्जा हटाने गए तहसीलदार को दी 'ताकत' दिखाने की धमकी

 


सूरजपुर, 24 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां अदालत के आदेश का पालन कराने पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी को खुलेआम सत्ता की हनक और ताकत दिखाने की धमकी दे दी गई। सूरजपुर के तहसीलदार सूर्यकांत साय जब एक जमीन पर हुए अवैध कब्जे को खाली कराने पहुंचे, तो वहां जमकर विवाद हुआ। इस पूरे विवाद का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है।

दरअसल, यह पूरा मामला एक जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़ा हुआ है। कांग्रेसी नेता लालचंद अग्रवाल द्वारा किसी दूसरे व्यक्ति की जमीन पर कब्जा किया गया था। इस मामले में कोर्ट का आदेश आने के बाद तहसीलदार सूर्यकांत साय अपनी टीम के साथ मौके पर कब्जा हटाने की कार्रवाई करने पहुंचे थे। कोर्ट के आदेश पर हो रही इस प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान कांग्रेसी नेता लालचंद अग्रवाल के भतीजे और भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री राजेश अग्रवाल वहां पहुंच गए और उन्होंने कार्रवाई का विरोध करना शुरू कर दिया।

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री राजेश अग्रवाल ने ऑन-ड्यूटी तहसीलदार सूर्यकांत साय को सरेआम गंभीर भुगतने और अपनी राजनैतिक ताकत दिखाने की धमकी दे डाली। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में राजेश अग्रवाल साफ तौर पर तहसीलदार को डराते-धमकाते हुए कह रहे हैं कि आप हमारी ताकत को जानते, पहचानते नहीं हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने अधिकारी को चुनौती देते हुए आगे कहा कि आप हमें जानते नहीं हैं, ताकत दिखाना पड़ेगा तो दिखा भी देंगे। अदालत के आदेश पर कानूनी प्रक्रिया पूरी करने पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी के साथ हुआ यह हाई-प्रोफाइल विवाद और धमकी का वीडियो अब हर तरफ चर्चा का विषय बना हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह