सूरजपुर : अरुणोदय इंस्टीट्यूट के विद्यार्थियों ने चलाया स्वच्छता अभियान

 


सूरजपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। डीएमएफ निधि से संचालित अरुणोदय करियर इंस्टीट्यूट के विद्यार्थियों ने आज गुरुवार श्रमदान कर स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने संस्थान परिसर और आसपास के क्षेत्रों की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।

संस्थान के निदेशक सोमनाथ साहू और शिक्षक रोहित तिवारी के नेतृत्व में आयोजित अभियान में 150 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने झाड़ू, तगारियां और कचरा पात्र लेकर परिसर, आसपास की गलियों और मुख्य मार्ग की सफाई की। इस दौरान प्लास्टिक कचरा, पॉलीथीन, सूखे पत्ते और अन्य अपशिष्ट एकत्र कर उनका उचित निस्तारण किया गया।

अभियान में श्रम पदाधिकारी अभिषेक सिंह ठाकुर, नगर पालिका परिषद सूरजपुर के मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनीष कुमार, संस्थान के शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। सभी ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।

श्रम पदाधिकारी ने विद्यार्थियों से सिंगल-यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने स्वच्छता बनाए रखने, पर्यावरण संरक्षण और लोगों को जागरूक करने की शपथ ली।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2018 से डीएमएफ निधि के तहत संचालित अरुणोदय करियर इंस्टीट्यूट में सीजीपीएससी, सीजी व्यापम सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कराई जाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय