सामूहिक श्रमदान से गांवों में स्वच्छता का संदेश

 


बलरामपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले की ग्राम पंचायतों में जनभागीदारी से स्वच्छता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में मंगलवार को विभिन्न ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और स्वच्छाग्रहियों ने सामूहिक श्रमदान कर बाजार, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की।

अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर जमा कचरे का निस्तारण किया गया। इसके साथ ही ग्राम पंचायतों में निर्मित सामुदायिक शौचालयों और ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन शेड की सफाई कर उन्हें व्यवस्थित किया गया। हैंडपंपों के आसपास बने सोख्ता गड्ढों और नालियों की भी सफाई की गई, जिससे जल निकासी बेहतर हो सके।

स्वच्छता गतिविधियों के दौरान ग्रामीणों को घरों के साथ सार्वजनिक स्थानों को भी साफ रखने, कचरे का उचित निपटान करने और जलस्रोतों के आसपास गंदगी नहीं फैलाने के लिए जागरूक किया गया। ग्रामीणों ने स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर इसे नियमित व्यवहार का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

सेवा संकल्प अभियान के तहत हो रहे सामूहिक श्रमदान में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और स्वच्छाग्रहियों की भागीदारी से गांवों को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय