श्रीगणेश प्रतिमा विसर्जन स्थल पर व्यवस्थाओं को लेकर पार्षद ने आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
जगदलपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। नगर पालिक निगम के चन्द्रशेखर आज़ाद वार्ड क्र. 41 के पार्षद लोकेश चौधरी ने शुक्रवार काे श्रीगणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर नगर पालिक निगम जगदलपुर के आयुक्त को पत्र सौंपा है।
पत्र के माध्यम से बड़े पुलिया विसर्जन स्थल पर क्रेन, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, मोटर बोट, तैराक दल एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की मांग की गई है। पार्षद ने पत्र में कहा कि श्रीगणेश विसर्जन के दौरान महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों एवं युवाओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु विसर्जन स्थल पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित किया जाना जरूरी है। पार्षद लोकेश चौधरी ने संबंधित अधिकारियों से इन व्यवस्थाओं को समय रहते सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है, ताकि गणेश प्रतिमा विसर्जन का आयोजन शांति, सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे