शासकीय कर्मचारी घोषित करे सरकार: आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संघ

 


शासकीय कर्मचारी घोषित करने की मांग को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका ने निकाली रैली

धमतरी, 27 फ़रवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ जुझारू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका कल्याण संघ द्वारा शासकीय कर्मचारी घोषित करने सहित तीन सूत्रीय मांगों को लेकर 27 फरवरी को शहर के गांधी मैदान से पैदल रैली निकालकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे। इस दौरान रैली में उपस्थित जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका कल्याण संघ की जिलाध्यक्ष रेवती वत्सल, उपाध्यक्ष केकती साहू, कोषाध्यक्ष वेदिका देवांगन एवं सचिव मीना विश्वकर्मा ने बताया कि जिला मुख्यालय में लंबित मांगों के ध्यानाकर्षण के लिए सामूहिक अवकाश लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी कड़ी में धरना स्थल गांधी मैदान से पैदल रैली निकालकर सदर बाजार होते घड़ी चौक से रत्नाबांधा होकर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालय पहुंचे है। यहां शासकीय कर्मचारी घोषित करने, न्यूनतम वेतन देने और सामाजिक सुरक्षा के रूप में मासिक पेंशन, बीमा, सेवानिवृत्ति और मृत्यु पर एक मुश्त राशि एवं ग्रेच्युटी का लाभ देने की मांग को लेकर देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, महिला एवं बाल विकास मंत्री भारत सरकार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव देव साय, प्रदेश के महिला एवं बाल विकास विभाग के नाम ज्ञापन सौंपा गया है।

महिला एवं बाल विकास विभाग की हर योजना को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका गांव से लेकर शहर तक घर - घर पहुंचाने का काम कर रही है। केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2018 के बाद से कोई भी राशि में वृद्धि नहीं की गई है। साथ ही छत्तीसगढ़ में वर्तमान सरकार द्वारा इन दो वर्षों में भी किसी प्रकार के न तो मानदेय में वृद्धि की गई है और न ही कोई अन्य सुविधा प्रदान की है। राज्य सरकार के बजट में भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के लिए कोई विशेष प्रविधान नहीं किया गया है। जिससे जिले की लगभग 2200 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं में आक्रोश व्याप्त है। द्वितीय चरण में नौ मार्च को प्रदेश स्तर पर धरना प्रदर्शन एवं रैली निकालकर कर विधानसभा का घेराव करेंगे। इस दौरान रश्मि शर्मा, संतोषी साहू, अन्नपूर्णा मानिकपुरी, डाली देवांगन, ईश्वरी साहू, सरस्वती मरकाम, पुष्पा साहू, सुनीता कश्यप सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा