शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर कलेक्टर सख्त

 


बलरामपुर, 21 सितंबर (हि.स.)। शहर के सौंदर्यीकरण, सड़कों की स्थिति और नागरिक सुविधाओं को लेकर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने अधिकारियों को नियमित निगरानी और कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए हैं। आज सोमवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान, सेवा सेतु शिविर, सीएम हेल्पलाइन, ई-ऑफिस, प्रधानमंत्री आवास योजना, एग्रीस्टैक और राजस्व प्रकरणों की बिंदुवार समीक्षा की।

बलरामपुर शहर के सौंदर्यीकरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने नगर पालिका परिषद बलरामपुर के मुख्य नगर पालिका अधिकारी और एसडीएम बलरामपुर को निर्देश दिए कि संबंधित अमला प्रतिदिन शहर का निरीक्षण करे। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को चिन्हित कर उनके सुधार की लगातार निगरानी की जाए। उन्होंने शहर की सड़कों की स्थिति सुधारने के साथ जल प्रबंधन और स्ट्रीट लाइटों के समुचित संचालन पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने आंगन मिलन सेवा, सेवा मेरा योगदान, नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर, देहदान और अन्नदान सहित विभिन्न गतिविधियों का सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक गतिविधि की जिम्मेदारी संबंधित नोडल विभाग की होगी, जबकि सहयोगी विभाग अपने अमले और संसाधनों के साथ समन्वय कर सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

सेवा सेतु अभियान ‘सरकार आपके द्वार’ के तहत प्रत्येक विधानसभा और विकासखंड में 10 से 15 ग्रामों के क्लस्टर बनाकर शिविर आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर ने शिविरों की तिथि, समय और स्थान का रोस्टर तैयार कर ग्राम पंचायतों और नगरीय क्षेत्रों में इसकी पूर्व सूचना पहुंचाने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

इन शिविरों में केंद्र सरकार की चिन्हित 26 प्रमुख योजनाओं सहित राज्य की हितग्राहीमूलक योजनाओं के विभागीय स्टॉल लगाए जाएंगे। पात्र हितग्राहियों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने के साथ राजस्व प्रकरणों के निराकरण की कार्रवाई भी की जाएगी।

आंगन मिलन सेवा में स्वास्थ्य जांच और सम्मान

कलेक्टर ने बताया कि 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन सेवा के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें महिलाओं, बच्चों और गर्भवती माताओं की स्वास्थ्य जांच, स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों का सम्मान शामिल रहेगा।

‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जांच, अंगदान संकल्प और नदी घाट स्वच्छता जैसी गतिविधियों में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इन गतिविधियों का विवरण माय भारत पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। इसके अलावा ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता, 29 सितंबर को जिला मुख्यालय में ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ रंगोली कार्यक्रम और 7 अक्टूबर को सेवा ज्योति कलश यात्रा की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए। कलश यात्रा के दौरान एम्बुलेंस और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

लंबित फाइलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश

सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि कोई भी आवेदन निर्धारित समय-सीमा से बाहर नहीं जाना चाहिए। अधिकारियों को आवेदन प्राप्त होते ही उसका अवलोकन कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

ई-ऑफिस की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि इससे शासकीय कामकाज में पारदर्शिता और गति आती है तथा फाइलों के निराकरण में लगने वाला समय भी कम होता है। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को ई-ऑफिस प्रणाली का प्रभावी उपयोग करते हुए लंबित फाइलों का समयबद्ध निराकरण करने को कहा।

आवास और राजस्व प्रकरणों पर भी जोर

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और पीएम-जनमन के तहत निर्माणाधीन आवासों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने प्रगतिरत आवासों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायतवार कार्ययोजना तैयार कर निर्माण की समय-सीमा निर्धारित करने और नियमित निगरानी करने को कहा, ताकि पात्र हितग्राहियों को शीघ्र पक्के मकान का लाभ मिल सके।

बैठक में एग्रीस्टैक बकेट क्लेम, एग्रीस्टैक पंजीयन और डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की भी समीक्षा की गई। वहीं राजस्व मामलों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी एसडीएम को लंबित राजस्व प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर कलेक्टर आर.एन. पाण्डेय, प्रमोद गुप्ता, सभी एसडीएम और जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय