विधानसभास्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का हुआ भव्य समापन, 120 टीमों ने हिस्सा लिया

 






बलरामपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। आरागाही-ताम्बेश्वरनगर का खेल मैदान गुरुवार को फुटबॉल के रोमांच से सराबोर रहा। स्व. सूर्यप्रकाश नेताम स्मृति एवं दीन-हीन सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित रामानुजगंज विधानसभास्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का गुरुवार काे भव्य समापन हुआ।

फाइनल मुकाबले में डौरा सुपर किंग ने बगरा-महावीरगंज को हराकर खिताब अपने नाम किया। हजारों दर्शकों की मौजूदगी में हुए समापन समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि रहे, जबकि कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने अध्यक्षता की। सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र के बलरामपुर और रामचन्द्रपुर विकासखंड में आयोजित प्रतियोगिता में कुल 120 टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें बलरामपुर विकासखंड की 64 और रामचन्द्रपुर की 56 टीमें शामिल थीं। फाइनल में डौरा सुपर किंग विजेता रही। विजेता टीम को 51 हजार रुपये नगद और कप, जबकि उपविजेता बगरा-महावीरगंज को 31 हजार रुपये और कप प्रदान किया गया। बलरामपुर किंग्स को तीसरे स्थान पर 15 हजार रुपये तथा बलरामपुर बवंडर को चौथे स्थान पर 11 हजार रुपये और कप दिया गया।

प्रतियोगिता में महिला वर्ग की चार टीमों ने भी हिस्सा लिया। महिला वर्ग के फाइनल में धनवार मिशन और तेतरडीह की टीम आमने-सामने रही। विजेता टीम को 25 हजार रुपये और उपविजेता टीम को 15 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया।

समापन समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आरागाही-ताम्बेश्वरनगर खेल मैदान के विकास के लिए 3 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा नगरीय निकाय क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए बलरामपुर को 6 करोड़ और रामानुजगंज को 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के गांवों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। सरकार खिलाड़ियों को बेहतर मंच, सुविधाएं और प्रोत्साहन देने के लिए लगातार काम कर रही है। सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है।

अरुण साव ने कहा कि बलरामपुर और रामानुजगंज में इंडोर स्टेडियम तथा सनावल और डिण्डो में क्रिकेट स्टेडियम की स्वीकृति से जिले में खेल सुविधाओं का विस्तार होगा। उन्होंने खिलाड़ियों से हार-जीत से ऊपर उठकर खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने स्व. सूर्यप्रकाश नेताम को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी स्मृति में आयोजित होने वाली यह प्रतियोगिता अब क्षेत्र की खेल परंपरा का हिस्सा बन चुकी है। उन्होंने कहा कि फुटबॉल इस क्षेत्र की पहचान और धड़कन से जुड़ा खेल है। 120 टीमों की भागीदारी और महिला खिलाड़ियों की बढ़ती सहभागिता ग्रामीण क्षेत्र में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह को दर्शाती है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है।

समापन समारोह में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय