विद्युत वितरण कंपनी ने बाढ़ ग्रस्त इलाकाें में बंद किया विद्युत आपूर्ति

 


जगदलपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। चक्रवाती तूफान के कारण अंचल में जलस्तर तेजी से बढ़ गया है, जिससे बाढ़ जैसी गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। संभावित दुर्घटनाओं को टालने और आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विद्युत वितरण कंपनी ने आपातकालीन शटडाउन लागू कर दिया है।

छत्तीसगढ़ विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के जगदलपुर शहर के कार्यपालन अभियंता नंद कुमार भगत ने शनिवार काे बताया कि इस एहतियाती कदम के तहत जगदलपुर में 11 केवी हाउसिंग बोर्ड फीडर, 11 केवी गणपति फीडर और 11 केवी पथरागुड़ा फीडर से जुड़ी विद्युत आपूर्ति को तत्काल प्रभाव से पूरी तरह बंद कर दिया गया है।

उन्हाेने बताया कि इस आपातकालीन कटौती के कारण शहर के बड़े हिस्से में जनजीवन प्रभावित हुआ है। हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र, 440 फ्लैट्स और उसके नजदीकी इलाकों सहित खपराभट्टी, आमागुड़ा चौक से एनएमडीसी चौक, गणपति रिसॉर्ट, चिमनी भट्टी और गिल बाड़ा तक का पूरा इलाका बिजली न होने से प्रभावित है। इसके साथ ही सुगम, रिलायंस और सोढ़ी पेट्रोल पंप क्षेत्र तथा लालबाग, बैंक कॉलोनी और वीआईपी कॉलोनी जैसे प्रमुख रिहायशी इलाके में भी इस समय पूरी तरह विद्युत आपूर्ति बंद है।

विद्युत वितरण कंपनी की तकनीकी टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार जैसे ही जलस्तर में कमी आएगी और सुरक्षा की दृष्टि से हालात सामान्य पाए जाएंगे, प्रभावित क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। प्रशासन द्वारा सभी नागरिकों से जलभराव वाले स्थानों में बिजली के खंभों, तारों और ट्रांसफार्मरों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा इस आपात स्थिति में सहयोग और धैर्य रखने की अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे